Rohtas News : रोहतास जिला के दावथ प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने और थाना से सटे राजकीय मध्य विद्यालय, दावथ की बदहाल व्यवस्था शनिवार को तेज बारिश के बाद एक बार फिर सामने आ गई. बारिश का पानी विद्यालय के रसोई घर में घुस जाने से मध्यान भोजन योजना पूरी तरह प्रभावित हो गई. रसोई कक्ष में एक फीट से अधिक पानी जमा हो गया, जिससे चूल्हा, चौकी, बर्तन और खाद्यान्न पानी में डूब गए.
रसोई में पानी भरने से बच्चों के भोजन पर संकट. घंटों परेशान रहे शिक्षक
बारिश के बाद विद्यालय की रसोई में जलजमाव की स्थिति बन गई. इसके कारण बच्चों के लिए समय पर भोजन तैयार करना मुश्किल हो गया. विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शिक्षकों और कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रखंड कार्यालय के सामने स्कूल की यह हालत तो दूर के विद्यालयों का क्या हाल होगा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस विद्यालय की दूरी प्रखंड कार्यालय से कुछ ही कदम है, उसकी स्थिति इतनी खराब है तो ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की है.
जर्जर रसोई घर की शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिव योगी राम ने बताया कि रसोई कक्ष वर्षों से जर्जर स्थिति में है. हर बरसात में यहां पानी भर जाता है. इस समस्या को लेकर कई बार विभाग को लिखित सूचना दी गई और जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका.
मिट्टी भराई भी साबित हुई बेअसर. बारिश में फिर भर गया परिसर
प्रधानाध्यापक ने बताया कि पूर्व में खबर प्रकाशित होने के बाद विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई का काम कराया गया था, लेकिन यह प्रयास भी कारगर साबित नहीं हुआ. तेज बारिश होते ही परिसर और कक्षाओं में पानी जमा हो जाता है. इससे बच्चों की पढ़ाई और भोजन व्यवस्था दोनों प्रभावित होती हैं.
12वीं तक उत्क्रमित करने की मांग भी वर्षों से लंबित
प्रखंड मुख्यालय में स्थित इस विद्यालय को हाईस्कूल और प्लस-टू स्तर तक उत्क्रमित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है. लेकिन विद्यालय को अभी तक जरूरी आधारभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पाई हैं. प्रधानाध्यापक ने प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, विधायक और सांसद से अतिरिक्त रसोई घर निर्माण तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है.
बारिश का पानी बना शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी की तस्वीर
राजकीय मध्य विद्यालय दावथ में जलजमाव की समस्या केवल बारिश की परेशानी नहीं है, बल्कि यह सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर करती है. अब देखने वाली बात होगी कि अधिकारियों की नजर अपने कार्यालय के सामने स्थित इस विद्यालय की समस्या पर कब पड़ती है.
