सासाराम : तिलौथू के स्कूल में नाले का पानी बना आफत, गंदे पानी के बीच पढ़ने को मजबूर हैं बच्चे

तिलौथू के अमलतास निकेतन स्कूल में जलजमाव की गंभीर समस्या है. नाले का गंदा पानी स्कूल परिसर में घुसने से बच्चे कीचड़ और दुर्गंध के बीच पढ़ने को मजबूर हैं. स्वास्थ्य जोखिम और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है.

Sasaram News : स्थानीय अमलतास निकेतन स्कूल में नाली का गंदा पानी घुसने से पूरा स्कूल परिसर जलमग्न हो गया है. कैंपस में जमा पानी में कीड़े पनप रहे हैं और दुर्गंध से बच्चों व शिक्षकों को काफी परेशानी हो रही है. हालात ऐसे हैं कि छोटे-छोटे बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है.

गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे

स्कूल परिसर में नाले का पानी जमा होने के कारण बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. कैंपस में जगह-जगह गंदा पानी और कीड़े नजर आ रहे हैं. जलजमाव के कारण निकल रही तेज दुर्गंध से स्कूल में बैठकर पढ़ाई करना भी मुश्किल हो गया है.

बारिश बढ़ते ही स्कूल बंद करने की नौबत

स्कूल स्टाफ के अनुसार, बारिश अधिक होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है. जलजमाव इतना बढ़ जाता है कि कई बार स्कूल बंद करने की नौबत तक आ जाती है. नाले के सड़ांध भरे पानी के बीच बच्चे पूरे दिन बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं. स्कूल प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल उनके पास इसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है.

तिलौथू के अमलतास निकेतन स्कूल में लगा जलजमाव | Prabhat Khabar Network

एक साल से सिर्फ आश्वासन, नहीं हुआ समाधान

स्कूल की डायरेक्टर रंजना सिन्हा ने बताया कि जल निकासी की समस्या को लेकर सरकारी कार्यालयों में लगातार आवेदन दिया जा चुका है. हर बार बताया जाता है कि नाला निर्माण और जल निकासी के लिए तीन विभागों की स्वीकृति जरूरी है और जल्द काम शुरू होगा. लेकिन यह आश्वासन सुनते-सुनते एक साल से अधिक समय बीत गया. इसके बावजूद नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी.

नाले की ढलान स्कूल कैंपस की ओर

रंजना सिन्हा ने बताया कि नाले की निकासी और ढलान विद्यालय परिसर की ओर है. इसी वजह से नाले का पूरा पानी स्कूल कैंपस में बह रहा है. लगातार पानी जमा रहने से पूरा परिसर जलमग्न हो गया है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी को भी आवेदन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है.

गंदे पानी से बीमारी फैलने का डर

स्कूल परिसर में लंबे समय से जमा नाले के गंदे पानी और उसमें पनप रहे कीड़ों से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है. जलजमाव से निकल रही दुर्गंध के कारण संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है. विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

तिलौथू के अमलतास निकेतन स्कूल में लगा जलजमाव | Prabhat Khabar Network

बीडीओ सह सीओ ने जांच का दिया भरोसा

प्रभारी बीडीओ सह सीओ उज्जवल कुमार चौबे ने बताया कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच करायी जाएगी और समस्या का निदान निकालने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिया कि जो उचित समाधान होगा, उसके लिए भरपूर प्रयास किया जाएगा.

रोहतास पेंशनर्स एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य, इंजीनियर दूधेश्वर सिंह के निधन पर शोकसभा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >