Sasaram PM Kisan Samman Nidhi : (रंजन कुमार) रोहतास जिले के नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि समन्वयक और विभागीय कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई और उन्हें ई-केवाईसी व भू सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के लिए जागरूक किया गया.
लाइव वेबकास्ट के जरिए किसानों ने देखा कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी इशिका साहू ने की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से देशभर के लाभुक किसानों के खातों में पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की गई. इसका सीधा प्रसारण किसान भवन में उपस्थित सभी लोगों ने देखा. इस दौरान किसानों में काफी उत्साह देखने को मिला.
योजना की पात्रता और प्रक्रिया पर दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कृषि पदाधिकारी ने किसानों को योजना की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने खास तौर पर ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग और भू सत्यापन को अनिवार्य बताया. उन्होंने कहा कि जो किसान इन प्रक्रियाओं को समय पर पूरा नहीं करेंगे, उन्हें योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है.
ग्राम नोडल अधिकारियों ने लिया संकल्प
इस अवसर पर उपस्थित सभी ग्राम नोडल अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने और उन्हें जागरूक करने का संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर कैंप लगाकर किसानों को जरूरी जानकारी दी जाएगी ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए.
Also Read: कैमूर में पंचायत के दौरान फायरिंग, 5 लोग घायल, आपसी विवाद में पिता-पुत्र गिरफ्तार
किसानों से अपील
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों को अपडेट रखें और समय रहते ई-केवाईसी व भू सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर लें. इससे उन्हें योजना की अगली किस्त का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा.
कुल मिलाकर नोखा में आयोजित यह कार्यक्रम किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ, जहां उन्हें सरकारी योजना की सही जानकारी मिली और आगे की प्रक्रिया को लेकर जागरूक किया गया. प्रशासन का फोकस अब इस बात पर है कि ज्यादा से ज्यादा किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके.
