Sasaram News(संदेश जायसवाल): रोहतास जिले के चेनारी नगर पंचायत क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है. सोमवार की शाम 5:00 बजे से लेकर रात्रि 9:00 बजे तक महज चार घंटे के अंदर करीब 50 बार बिजली ट्रिप हुई. वहीं, यह सिलसिला मंगलवार को भी थमा नहीं और सुबह 6:00 बजे से 10:00 बजे तक 20 बार से अधिक बिजली की आंख-मिचौली दर्ज की गई. महज कुछ घंटों के भीतर कुल 60 से अधिक बार ट्रिपिंग की इस समस्या से स्थानीय उपभोक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटने और लो-वोल्टेज के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है.
फ्रिज, टीवी और इन्वर्टर हो रहे खराब; भीषण गर्मी में पानी की भी किल्लत
पल-पल पर बिजली के आने-जाने और भारी वोल्टेज फ्लक्चुएशन (उतार-चढ़ाव) के कारण उपभोक्ताओं के घरों में लगे कीमती उपकरण जैसे पंखे, टीवी, फ्रिज और इन्वर्टर धड़ाधड़ जलकर खराब होने लगे हैं. स्थानीय निवासी अमित कुमार रंजन ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि बिजली इतनी बार ट्रिप कर रही है कि अब डर लगने लगा है कि कहीं घर के सभी उपकरण पूरी तरह न फुक जाएं. बिजली की इस आंख-मिचौली के चलते रात भर पूरा परिवार सो तक नहीं पाया.
वहीं, नगर के व्यवसायी शंकर गुप्ता ने कहा कि वोल्टेज के इस भयानक उतार-चढ़ाव की वजह से उनकी दुकान में लगा हुआ कीमती फ्रीजर खराब हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. महिलाओं और गृहणियों का कहना है कि इस तपती गर्मी में छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा बेहाल हैं. बिजली कटते ही घरों में पानी की सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो जाती है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मुख्यालय से गायब रहते हैं जेई, फोन उठाने से भी परहेज!
पेवंदी गांव के ग्रामीण रामानुज मिश्रा समेत कई स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रिपिंग की यह समस्या पिछले कई दिनों से लगातार बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चेनारी के कनीय अभियंता (JE) क्षेत्र से गायब रहते हैं और जिला मुख्यालय स्थित अपने निजी आवास से ही ड्यूटी बजाते हैं. अगर वे चेनारी में रहते तो उन्हें स्थानीय जनता की इस भीषण समस्या का अंदाजा होता. जब कभी क्षेत्र के लोग उन्हें समस्या बताने के लिए दूरभाष (फोन) करते हैं, तो वे फोन तक रिसीव करना मुनासिब नहीं समझते.
अधिकारियों का पक्ष: इस गंभीर विद्युत संकट के संबंध में पूछे जाने पर बिजली विभाग के सहायक अभियंता (AE) उज्जवल कुमार ने बताया कि वर्तमान में तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिसके कारण ट्रांसफार्मर ओवरहीट (काफी गर्म) हो जा रहे हैं. ट्रांसफार्मर के अत्यधिक गर्म होने की वजह से ही सुरक्षात्मक लिहाज से बार-बार बिजली ट्रिप होने की तकनीकी जानकारी मिल रही है. उन्होंने दावा किया कि बिजली विभाग के लाइनमैन और कर्मी दिन-रात फील्ड में कड़ा परिश्रम कर रहे हैं. आने वाले कुछ ही दिनों के भीतर इस ट्रिपिंग की समस्या को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा.
