Rohtas News : रोहतास जिले के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में संचालित आईएसएम लैब का सुचारू उपयोग अब अनिवार्य कर दिया गया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) को निर्देश जारी किया है. निर्देश के अनुसार 3 सितंबर से जिले के सभी संबंधित स्कूलों में आईएसएम लैब का संचालन सुनिश्चित करना होगा.
स्कूलों को आज ही भेजनी होगी फोटो और वीडियो
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पत्रांक-11/यो0.04-01/2026 में कहा गया है कि स्कूलों में आईएसएम लैब के प्रभावी उपयोग को लेकर विशेष रूप से निगरानी की जाएगी. 3 सितंबर को जिले के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में लैब का संचालन हुआ या नहीं, इसकी फोटो या वीडियो जिला एवं राज्य स्तर के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करनी होगी.
विज्ञान प्रयोगशाला के उपयोग पर भी जोर
निर्देश में सरस्वती विद्या निकेतन में विज्ञान प्रयोगशाला और किट के प्रभावी उपयोग को लेकर 28 जुलाई 2026 को जारी दिशा-निर्देश का भी हवाला दिया गया है. इसी तर्ज पर अब जिले के स्कूलों में आईएसएम लैब के नियमित उपयोग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
DEO करेंगे लैब की नियमित समीक्षा
जिला शिक्षा पदाधिकारी को अपने स्तर से आईएसएम लैब के संचालन की नियमित समीक्षा करनी होगी. विभाग का उद्देश्य जिले के प्रत्येक माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय में आईएसएम लैब के साथ-साथ विज्ञान प्रयोगशाला का भी सतत और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है.
