Rohtas News (सासाराम से डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट): रोहतास जिले के डेहरी स्थित पुलिस केंद्र में मंगलवार को शारीरिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था. दौड़ लगाने के क्रम में तीन प्रशिक्षु सिपाही अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. सभी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार की हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उनकी मृत्यु हो गई. इस दुखद घटना के बाद से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है.
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
बुधवार को मृतक प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम लाया गया. पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया जिला पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में संपन्न कराई गई. इस मौके पर डीएसपी विप्लव कुमार तथा नगर थाना अध्यक्ष शिवेंद्र कुमार स्वयं मौजूद रहे और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को पूरी तरह से विधिसम्मत एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया.
डेहरी पुलिस केंद्र में दिया जाएगा गार्ड ऑफ ऑनर
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक सिपाही के शव को ससम्मान पुलिस केंद्र डेहरी भेज दिया गया है. वहां पुलिस विभाग की ओर से शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी जाएगी. इस हादसे के बाद से साथी प्रशिक्षु सिपाहियों और अन्य पुलिसकर्मियों में गहरा दुख देखा जा रहा है. वहीं पुलिस विभाग द्वारा मृतक जवान के शोकाकुल परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है.
Also Read: सासाराम: गिरधरिया में झूलते हाईटेंशन तार की चपेट में आने से नीलगाय की हुई मौत
