Rohtas News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को टीबी मरीजों के लिए निक्षय मित्रों ने मदद का हाथ बढ़ाया. निक्षय पोषण योजना के तहत नौ टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें एक माह के लिए पौष्टिक खाद्य सामग्री से भरा फूड बास्केट उपलब्ध कराया गया. इस पहल का उद्देश्य मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर टीबी से जल्द उबरने में मदद करना है.
छह महीने तक हर माह मिलेगा पोषण किट
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मतिऊर रहमान ताज ने बताया कि फूड बास्केट में अंडा, मखाना, गुड़, सोयाबीन, चना, बादाम और केला समेत अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी. निक्षय मित्रों ने एक-एक टीबी मरीज को गोद लिया है. योजना के तहत गोद लेने वाले निक्षय मित्र अगले छह महीने तक प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर सीएचसी में मरीजों को पौष्टिक आहार किट उपलब्ध कराएंगे.
समाजसेवी और एनजीओ भी बन सकते हैं निक्षय मित्र
बीएचएम ने बताया कि भारत सरकार और बिहार सरकार के निर्देश पर यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है. सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएं और एनजीओ भी टीबी मरीजों को गोद लेकर छह महीने तक उन्हें पोषण सामग्री उपलब्ध करा सकते हैं. इससे मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार मिलने के साथ समाज का सहयोग भी प्राप्त होता है.
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार, डॉ. विकास कुमार, बीसीएम अजय कुमार, वरीय उपचार पर्यवेक्षक सोनू कुमार शर्मा, मनोज कुमार सिंह, सुरेश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
