नोखा. शहर में अपराध को रोकने और यातायात व सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के मकसद से नगर पर्षद व पुलिस विभाग ने योजना तैयार की है. योजना के तहत दोनों ही शहरों की गंभीर समस्याओं के समुचित हल के लिए संयुक्त रूप से अभियान शुरू करेंगे. फिलहाल इसका सारा खर्चा नगर पर्षद ही उठायेगी. नगर पर्षद व पुलिस विभाग ने योजना का प्रारूप तैयार कर लिया है. नगर पर्षद व पुलिस विभाग की तरफ से शहर के विभिन्न मुख्य चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. नाइट विजन के हाइ रेजोल्यूशन कैमरे लगेंगे. सभी कैमरों का रिकॉर्ड नया थाना में पुलिस कंट्रोल रूम दर्ज होगा. पुलिस प्रशासन व नगर पर्षद बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई करेगें. शहर में अप्रिय घटना पर अंकुश लगाने सहित अपराधियों पर नकेल कसने के लिए नगर पर्षद क्षेत्र में करीब 15 सीसीटीवी कमरे लगाये जाने है. इसका खाका तैयार किया जा चुका है. बताया जा रहा है शहर के बस स्टैंड, नहर डग, नासारी गंज मोड़, थाना मोड़, केशरवानी मुहल्ला गढ़ मोड़, दहासिल डैम, पश्चिम पार्टी हाइस्कूल मोड़ के समीप सहित शहर को जोड़ने वाली मुख्य मार्गों पर यह कैमरे लगाये जा चुके हैं. इसके अलावा अन्य सार्वजनिक जगहों, भीड़ भाड़ वाले इलाकों व व्यस्ततम इलाकों में कैमरे लगाये जायेंगे. इससे नगर पर्षद की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. क्या कहते हैं अधिकारी कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने का कार्य चल रहा है. कई स्थानों पर लगाये भी जा चुके हैं. जबकि, अन्य स्थानों पर लगाने की प्रक्रिया चल रही है. इसका मॉनीटरिंग स्थानीय थाने से होगी. सीसीटीवी के जरिये शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जायेगी. सड़क जाम, वाहन चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी पैनी नजर होगी. अतिक्रमण करने वालों पर भी रहेगी नजर उप सभापति धनजी सिंह ने कहा कि सीसीटीवी न केवल सेफ्टी का एक सेंस देता है, बल्कि जहां हमारी आंखें नहीं पहुंच पाती, वहां तक हमें पहुंचाने में मदद करता है. इससे पार्किंग में खड़ी गाड़ी से लेकर घरों में इंट्री करने वाले तक सब पर साथ-साथ नजर रखी जा सकती है. इससे गंदगी फैलाने व अतिक्रमण करने वालों पर नजर रखी जायेगी. शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में कैमरे से मदद मिलेगी. साथ ही अपराध नियंत्रण में भी ये कैमरे पुलिस के लिए सहयोगी साबित होंगे. नगर पर्षद द्वारा लगाये जाने वाले कैमरे से आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी और सार्वजनिक जगहों व राह चलते महिलाओं के साथ छेड़खानी व चेन स्नेचिंग पर लगाम भी लगेगी. थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगने से अपराधियों पर नकेल कसने व सुरक्षा व्यवस्था में सहायता मिलेगी. राहजनी एवं अन्य छोटी-मोटी घटनाओं पर लगाम लगायी जा सकती है. अपराधियों को चिन्हित करने में सुविधा मिलेगी और उनमें भी भय उत्पन्न होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
