रोहतास: गर्भवती पत्नी का इलाज कराने जा रहा था युवक, घर में घुसकर मारपीट का आरोप, कट्टा लहराकर फायरिंग का भी दावा

चेनारी के खुर्माबाद में गर्भवती पत्नी का इलाज कराने जा रहे युवक के घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Rohtas News : रोहतास जिला के चेनारी थाना क्षेत्र के खुर्माबाद गांव में गर्भवती पत्नी का इलाज कराने जा रहे एक युवक के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना में घायल कौसर कुरैशी (23), पिता हलीम कुरैशी ने चेनारी थाने में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप

आवेदन में कौसर कुरैशी ने बताया कि सोमवार की शाम करीब 3:30 बजे वह अपनी गर्भवती पत्नी मुस्कान खातून का इलाज कराने जा रहा था. इसी दौरान गुड्डू कुरैशी उर्फ इस्माइल कुरैशी, सद्दाम कुरैशी, गुलाम अशरफ कुरैशी, चुन्नू कुरैशी और परवेज कुरैशी उसके घर में घुस आये और उसके साथ मारपीट करने लगे. आरोप है कि हमलावरों के हाथ में लाठी-डंडे थे, जबकि गुड्डू कुरैशी के पास कट्टा था. आवेदनकर्ता ने हवा में फायरिंग करने और हथियार से हमला करने का भी आरोप लगाया है.

नाक, सिर और पीठ में चोट, सदर अस्पताल रेफर

कौसर कुरैशी के अनुसार, मारपीट में उसके नाक, सिर और पीठ में चोट लगी है. घटना के बाद वह इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचा. सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया.

सीएचसी चेनारी के चिकित्सक डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि खुर्माबाद से कौसर कुरैशी नाम का एक घायल मरीज अस्पताल आया था. उसके नाक पर चोट लगी थी. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर किया गया.

पहले भी मारपीट का लगाया आरोप

आवेदनकर्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा पूर्व में भी उसके साथ कई बार मारपीट की जा चुकी है. वहीं, घटना से दो दिन पहले शुक्रवार को उसकी पत्नी मुस्कान खातून ने भी मारपीट को लेकर चेनारी थाने में आवेदन दिया था. हालांकि, इस मामले में पुलिस की तत्काल कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मलाकार ने बताया कि खुर्माबाद में मारपीट की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >