रोहतास में 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक और त्रैमासिक परीक्षा की डेट सीट जारी, शिक्षा विभाग जारी किए निर्देश

बिहार बोर्ड ने 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और वितरण को लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Rohtas News : रोहतास जिले में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं की वर्ष 2026 की अर्द्धवार्षिक एवं त्रैमासिक परीक्षाओं को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने तैयारी शुरू कर दी है. समिति ने परीक्षा की गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित प्रक्रिया के तहत वितरण को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा से जुड़ी सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

18 से 26 सितंबर तक होगी 11वीं और 12वीं की परीक्षा

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, कक्षा 11वीं की त्रैमासिक परीक्षा और कक्षा 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 18 से 26 सितंबर तक संबंधित विद्यालयों में आयोजित की जाएगी. वहीं, कक्षा 9वीं और 10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 21 से 23 सितंबर तक होगी.

7 से 15 सितंबर के बीच पहुंच सकती है गोपनीय सामग्री

परीक्षा के लिए आवश्यक गोपनीय सामग्री जिले में 7 से 15 सितंबर के बीच गोपनीय एजेंसी के माध्यम से पहुंचने की संभावना है. गोपनीय मुद्रक के प्रतिनिधि से सामग्री प्राप्त करने के बाद एजेंसी के प्रतिनिधि को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद परीक्षा सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा.

परीक्षा से पहले स्कूलों को दी जाएगी सामग्री

जिला मुख्यालय में चिह्नित वितरण केंद्रों से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अथवा उनके द्वारा अधिकृत शिक्षक को परीक्षा शुरू होने की तिथि से पहले गोपनीय सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी. सामग्री के भंडारण और वितरण के दौरान निर्धारित गोपनीयता प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करना अनिवार्य होगा.

गोपनीयता भंग होने पर प्रधानाध्यापक की होगी जवाबदेही

समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री की गोपनीयता किसी भी परिस्थिति में भंग नहीं होनी चाहिए. इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी को अपने स्तर से पूरी प्रक्रिया का लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है.

परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने पर जोर

जिला शिक्षा पदाधिकारी को गोपनीय सामग्री के सुरक्षित वितरण के साथ परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा गया है. विभागीय स्तर पर परीक्षा से पहले सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और वितरण की व्यवस्था की निगरानी की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. आरिफ खान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >