Rohtas News : अवधूत भगवान राम महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया. इससे पहले वंदे मातरम का सामूहिक गान हुआ, जबकि ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया.
युवाओं से तिरंगे की शान बनाए रखने की अपील
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय शैक्षणिक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में सत्र 2008 से 2013 तक का लंबित इंटरमीडिएट अनुदान पहली बार वितरित किया गया है. वहीं, 2017 से 2021 तक के लंबित अनुदान के लिए भी प्रयास जारी है. उन्होंने युवाओं से तिरंगे की शान बनाए रखने और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लेने की अपील की.
छात्रों ने प्रस्तुत किये देशभक्ति कार्यक्रम
सेमिनार कक्ष में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, देशभक्ति गीत और ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर भाषण प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति का माहौल बना दिया. कार्यक्रम का संचालन हनी जायसवाल ने किया.
अतिथियों समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-छात्र रहे मौजूद
समारोह में बिहार विधान परिषद की सदस्य निवेदिता सिंह, रोहतास विधिक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राम मूर्ति सिंह, साहित्यकार नरदेश्वर और शासी निकाय के सचिव सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे. मौके पर बृजेश सिंह कुलबुल, वार्ड पार्षद सुनीता सिंह, डॉ. देवमुनि कुमारी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. शशांक शेखर, डॉ. रेनू बाला, डॉ. रिंकी सिंह, डॉ. मधु ज्योति, साधना सिंह, शाइस्ता नाज, ओम प्रकाश सिंह, विभा, सोनम, रिंकी, अंजू, संध्या, सुमन और मनीषा सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
