रोहतास: सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा काराकाट

सावन की दूसरी सोमवारी पर काराकाट के शिवालयों में शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Rohtas News : सावन की दूसरी सोमवारी पर काराकाट प्रखंड क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में स्थित शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही हजारों की संख्या में शिवभक्त मंदिरों में पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना की. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा.

गंगाजल और बेलपत्र लेकर कतार में खड़े रहे श्रद्धालु

सोमवारी को लेकर तड़के सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, फूल, धतूरा और पूजा सामग्री लेकर भक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की.

प्रमुख शिवालयों में रही भारी भीड़

देवमार्कण्डेय, गुजरू, सुकहरा डिहरी, गोड़ारी बुढ़वा महादेव मंदिर समेत प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. सुबह से लेकर दिनभर मंदिर परिसरों में भक्तों की आवाजाही बनी रही. कई स्थानों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं.

पुलिस-प्रशासन ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया. मंदिर परिसरों में पुलिस बल और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गयी थी. इसके कारण जलाभिषेक के दौरान व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त नजर आयी और श्रद्धालुओं को पूजा करने में किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.

स्वयंसेवकों ने भी संभाली व्यवस्था

कई शिवालयों में मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किये गये थे. भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पूजा कराने और किसी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभायी.

दूसरी सोमवारी पर दिखी शिवभक्ति की गहरी आस्था

सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया. पूरे दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का दौर चलता रहा तथा हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok kr singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >