चेहल्लुम को लेकर रोहतास प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से बचने की अपील, बिना अनुमति लाउडस्पीकर पर रहेगी रोक

सासाराम में चेहल्लुम पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट। जुलूस के लिए समय निर्धारित, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जाएगी कड़ी निगरानी।

Rohtas News : चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी की तैयारियों की समीक्षा की गई.

साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

बैठक में डीएम ने नगर निगम, सासाराम को चेहल्लुम के दौरान शहर में साफ-सफाई, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन से भी लगातार निगरानी रखने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए.

निर्धारित समय और मार्ग से ही निकलेंगे जुलूस

प्रशासन ने बताया कि सासाराम शहर में चेहल्लुम जुलूस के लिए दिन में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा रात में 9 बजे से 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है. सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे. सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी.

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

प्रशासन ने बताया कि चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है.

अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर संयम की अपील

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने को कहा गया है. शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया.

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन:

  • जिला नियंत्रण कक्ष: 06184-226072
  • जिला नियंत्रण कक्ष: 06184-226093


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >