Bihar News:(डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव) सासाराम शहर के ओल्ड जीटी रोड स्थित ट्रैफिक थाने के समीप रुंगटा ब्रदर्स शो रूम के पास आम जनता के लिए वाटर एटीएम की सुविधा शुरू की गई है. भीषण गर्मी को देखते हुए यह व्यवस्था राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है. इस वाटर एटीएम का उद्घाटन मेयर काजल कुमारी ने फीता काटकर किया. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
मेयर ने की पहल की सराहना
उद्घाटन के अवसर पर मेयर काजल कुमारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना एक सराहनीय कार्य है. उन्होंने कहा कि यह पहल मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने आगे कहा कि इस वाटर एटीएम के माध्यम से लोगों को 24 घंटे स्वच्छ और ठंडा पानी मिलेगा, जिससे राहगीरों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी.
समाजसेवा से प्रेरित है यह प्रयास
समाजसेवी डॉ. अभिषेक रुंगटा ने बताया कि उनके परिवार में पहले भी प्याऊ की व्यवस्था कर लोगों को नि:शुल्क पानी पिलाने की परंपरा रही है. उन्होंने बताया कि उनके दादा स्वर्गीय शिव प्रसाद रुंगटा और पिता संतोष कुमार रुंगटा द्वारा हर वर्ष गर्मी में प्याऊ लगाया जाता था. उन्हीं से प्रेरणा लेकर उन्होंने इस बार स्थायी रूप से वाटर एटीएम की व्यवस्था की है, ताकि पूरे वर्ष लोगों को शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध हो सके.
स्थायी सुविधा से मिलेगा लाभ
डॉ. अभिषेक रुंगटा ने कहा कि यह वाटर एटीएम अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी व्यवस्था है, जिससे लोगों को सालभर पेयजल की सुविधा मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि समाजसेवा के ऐसे कार्य आगे भी जारी रहेंगे.
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए. इनमें विवेक कुमार उर्फ डब्लू, पार्षद गुलरेज, पार्षद प्रतिनिधि प्रमोद कुमार, चंदन केसरी, शशि कुमार सोनी, संजीत कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया.
Also Read:कैमूर में संदिग्ध हालत में मिला व्यक्ति का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
