रोहतास: सावन में महंगे हुए फूल और पूजा सामग्री, गुलाब 1200 रुपये सैकड़ा तो कपूर 2000 रुपये किलो पहुंचा

सावन के महीने में फूलों और पूजा सामग्री की कीमतों में भारी उछाल आया है. गुलाब 1200 रुपये प्रति सैकड़ा तक पहुँच गया है, वहीं कपूर की कीमत 2000 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंची है. मौसम की मार और मांग बढ़ने से श्रद्धालुओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.

Rohtas puja samagri price: सावन माह शुरू होते ही फूलों और पूजा सामग्री की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. गुलाब, गेंदा, बेला और मदार के फूलों के दाम दोगुने तक पहुंच गए हैं. वहीं कपूर, रुई की बत्ती, धूना, हवन सामग्री, सुपारी समेत अन्य पूजन सामग्री भी 10 से 15 प्रतिशत तक महंगी हो गई है. इससे श्रद्धालुओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.

सावन में बढ़ी मांग, कम आपूर्ति से बढ़े दाम

स्थानीय बाजार में सावन के पहले सप्ताह से ही पूजा सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है. चेनारी प्रखंड के प्रमुख शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और मंदिर सजावट के लिए गुलाब, गेंदा, बेला और मदार के फूलों की मांग सबसे अधिक है. मांग बढ़ने और आपूर्ति कम होने से कीमतों में तेज उछाल आया है.

मौसम की मार से प्रभावित हुई फूलों की खेती

फूल कारोबारियों का कहना है कि बारिश, तेज धूप और मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण फूलों की खेती प्रभावित हुई है. उत्पादन घटने से मंडियों में पर्याप्त मात्रा में फूल नहीं पहुंच रहे हैं. बाहर के जिलों से आने वाली खेप भी प्रभावित होने के कारण बाजार में आपूर्ति कम हो गई है.

गुलाब और गेंदा के दाम में बड़ा उछाल

सामान्य दिनों में 700 से 800 रुपये प्रति सैकड़ा बिकने वाला गुलाब अब 1000 से 1200 रुपये प्रति सैकड़ा तक पहुंच गया है. वहीं गेंदा फूल की एक लड़ी 60 रुपये में बिक रही है. बेला और मदार के फूलों की कीमतों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. फूल मंडी के व्यवसायी सुरेंद्र सैनी ने बताया कि सावन में हर साल फूलों की मांग बढ़ती है, लेकिन इस बार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण आवक काफी कम है. इसी वजह से कीमतों में तेजी आई है.

कपूर के दाम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

पूजा सामग्री विक्रेताओं के अनुसार इस बार सबसे ज्यादा उछाल कपूर की कीमत में आया है. पहले करीब 1200 रुपये प्रति किलो बिकने वाला कपूर अब 1800 से 2000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. वहीं अगरबत्ती और धूपबत्ती की कीमत भले स्थिर है, लेकिन कंपनियों ने पैकेट का वजन कम कर दिया है. किराना व्यवसायी बिजय साह और मनोज कुमार ने बताया कि पहले 50 रुपये में मिलने वाली 125 ग्राम अगरबत्ती अब 90 ग्राम की रह गई है. इसी तरह 80 रुपये वाली 125 ग्राम धूपबत्ती अब 100 ग्राम में मिल रही है.

प्रमुख पूजा सामग्री की वर्तमान कीमतें

  • कपूर : 1800 से 2000 रुपये प्रति किलो
  • गुग्गुल : 1200 से 1800 रुपये प्रति किलो
  • सिंदूर : 300 से 400 रुपये प्रति किलो
  • हवन सामग्री : 130 से 160 रुपये प्रति पैकेट
  • पूजा वाला घी : 260 से 300 रुपये प्रति किलो
  • सुपारी : 600 से 800 रुपये प्रति किलो
  • पंचमेवा : 450 से 500 रुपये प्रति किलो
  • तिल का तेल : 190 से 230 रुपये प्रति लीटर
  • रुई की बत्ती : 20 से 30 रुपये प्रति पैकेट

Also Read: यात्रियों को राहत: दिल्ली से बिहार के इन 6 शहरों के लिए चलेंगी AC लग्जरी बसें, किफायती टिकट प्राइस भी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >