अकोढ़ीगोला. दरिहट व डालमियानगर थाने की सीमा पर मकराईन छाई रोड में रविवार की सुबह बालू चोरों ने पुलिस पर हमला कर दिया. चोरों ने दो दारोगा को पीटा और एक से मोबाइल छीन लिया. इस घटना में दोनों एसआई कुंदन कुमार व नीरज कुमार जख्मी हो गये. घटना की सूचना पर पुलिस महकमे में हलचल मच गयी. डालमियानगर व दरिहट थाने की पुलिस के साथ एएसपी कोटा किरण कुमार घटना स्थल पहुंचे. ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई. लेकिन, समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. जबकि, दारोगा से छीना मोबाइल बरामद कर लिया. इस संबंध में दरिहट थानाध्यक्ष कुमारी नेहा सिन्हा ने बताया कि बालू चोरों ने एसआइ से जो मोबाइल छीना था, उसे मोबाइल बरामद कर लिया गया है. इस मामले में बालू लदे ट्रक व काला रंग का एक स्कॉर्पियो जब्त किया गया है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं है. मोबाइल के वीडियो से बालू माफियाओं की पहचान की जा रही है. अभी तक डालमियानगर के अंकित कुमार, गोलू कुमार व गोल्डन कुमार की पहचान हुई है. अन्य लोगों की पहचान करायी जा रही है. उन्होंने बताया कि सुबह में मकराइन में छाई रोड जाम था. कई वाहन जाम में फंसे थे. पुलिस गश्ती दल पहुंचा, तो पाया कि बालू लदा एक ट्रक फंसा है. दोनों अधिकारी ट्रक के चालक से पूछताछ कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग आये और ओवर लोड ट्रक से बालू गिराने लगे. वे ट्रक लेकर भागना चाह रहे थे. अधिकारियों के पूछताछ के दौरान करीब 20-25 की संख्या में असामाजिक तत्व पहुंचे और दोनों अधिकारियों से हाथापाई करने लगे. इस मारपीट में एसआइ कुंदन कुमार व नीरज कुमार जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज कराया गया है. घटना की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छाई रोड में एक बिना नंबर प्लेट का एक ओवर लोड बालू लदा ट्रक फंस गया था. इसके कारण सड़क जाम हो गयी थी. जाम देखकर दरिहट थाने के एसआइ जाम स्थल पर पहुंचे थे और पूछताछ के दौरान बालू चोरों ने हमला कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
