सारण: रेवाघाट पुल से लापता युवक का 36 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ ने किया बरामद

अमनौर के लापता युवक उत्तम कुमार का शव एसडीआरएफ टीम ने सोनपुर रेल पुल के पास से बरामद किया। परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी।

Saran News: अमनौर थाना क्षेत्र के ढोरलाही कैथल गांव निवासी अरुण सिंह के 25 वर्षीय पुत्र उत्तम कुमार का शव लापता होने के करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ टीम ने सोनपुर रेल पुल के समीप स्थित सोती से बरामद किया. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है.

बुधवार सुबह से लापता था युवक

बताया जाता है कि उत्तम कुमार बुधवार की सुबह अपने घर से लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बाद उसका आखिरी लोकेशन छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 स्थित रेवा गंडक नदी पुल के पास मिला. इसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि कहीं युवक ने नदी में छलांग तो नहीं लगा दी.

परिजनों ने मामले की सूचना मकेर थाना पुलिस को दी और युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी. साथ ही स्थानीय सांसद कंट्रोल रूम को भी मामले की जानकारी दी गयी.

सांसद की पहल के बाद शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

मामले की जानकारी मिलने के बाद सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर पुलिस सक्रिय हुई और गंडक नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया. गुरुवार से एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुट गयी.

टीम ने नदी और आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन की. करीब 36 घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार शाम एसडीआरएफ टीम ने सोनपुर रेल पुल के नजदीक स्थित सोती से उत्तम कुमार का शव बरामद कर लिया.

शव मिलने पर रेवाघाट पहुंचे परिजन

शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के बड़े भाई एवं भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह सहित अन्य परिजन और गांव के सैकड़ों लोग रेवाघाट पहुंचे. शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. पूरे गांव में शोक का माहौल है.

मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह और राजस्व अधिकारी नवीन कुमार ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया.

मौत के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा

उत्तम कुमार की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुलदीप महासेठ

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >