Saran News: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को छपरा के जगदम कॉलेज और राजेंद्र कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. दोनों संस्थानों में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया.
जगदम कॉलेज में डीएम और एसएसपी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
जगदम कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी विनीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. केपी श्रीवास्तव मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई. प्राचार्य ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट कर सम्मानित किया.
इस दौरान डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभागार में उपस्थित प्राध्यापकों, एनसीसी कैडेटों और एनएसएस स्वयंसेवकों को अपने जीवन, परिवार और समाज को ड्रग्स व अन्य नशीले पदार्थों से मुक्त रखने की सामूहिक शपथ दिलाई.
विकसित भारत के लिए स्वस्थ युवा जरूरी : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश के युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और कल्पनाशक्ति के बल पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे. उन्होंने कहा कि महाशक्ति बनने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश की युवा पीढ़ी मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होगी.
कार्यक्रम में एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), विशेश्वर सेमिनरी के स्काउट एवं गाइड कैडेटों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, डॉ. राजश्री सिंह, डॉ. अनमोल ठाकुर, डॉ. धनंजय कुमार सिंह, डॉ. अमृत कुमार, डॉ. दिव्यांशी श्रीवास्तव, अजय कुमार, प्रेम कुमार, विशेष सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे.
राजेंद्र कॉलेज में भी चला नशामुक्ति अभियान
राजेंद्र कॉलेज, छपरा में भी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने छात्र-छात्राओं से नशामुक्ति के प्रति जागरूक रहने, परिवार और समाज में इसके प्रति जनजागरण फैलाने तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की.
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. ऋचा मिश्रा एवं डॉ. बी.एस. साहू ने बताया कि यह अभियान अगले दो वर्षों तक प्रत्येक रविवार को संचालित किया जाएगा. उन्होंने विद्यार्थियों से इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. अर्चना उपाध्याय, भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रत्यूष सिंह, जिला बीस सूत्रीय सदस्य जय प्रकाश महतो तथा श्रम अधीक्षक मीरा वर्मा उपस्थित रहीं. एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं में रॉबिन सिंह, चांदनी कुमारी, प्रीति कुमारी, जुली कुमारी, रूही राज, मौली मिश्रा, प्रियंका कुमारी, नेहा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, खुशी कुमारी, आदित्य प्रकाश, शिवम कुमार, रिंकी कुमारी और सत्या कुमारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा
