आंधी-बारिश का कहर : मढ़ौरा में टीन का शेड गिरने से महिला की मौत, एकमा में करेंट से युवक झुलसा

सारण जिले में बुधवार की रात तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचायी. मढ़ौरा में टीन शेड गिरने से एक महिला की मौत हो गयी, जबकि एकमा में हाइ वोल्टेज बिजली तार टूट कर गिरने से एक युवक घायल हो गया.

मढ़ौरा/एकमा. सारण जिले में बुधवार की रात तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचायी. मढ़ौरा में टीन शेड गिरने से एक महिला की मौत हो गयी, जबकि एकमा में हाइ वोल्टेज बिजली तार टूट कर गिरने से एक युवक घायल हो गया. मढ़ौरा के गौरा थाना क्षेत्र स्थित सिसवा गांव में तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ. स्व. दशरथ शर्मा की 60 वर्षीया पत्नी सुखरी देवी के दरवाजे पर पड़ोसी कामेश्वर शर्मा के घर का टीन शेड उखड़ कर जा गिरा. इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है. वहीं एकमा-ताजपुर रोड पर राजापुर टोले के पास गुरुवार को आंधी-बारिश के बीच 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया. इसकी चपेट में आने से मांझी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी 27 वर्षीय अभिषेक कुमार मांझी घायल हो गये, जबकि उनकी पत्नी पिंकी कुमारी समेत अन्य राहगीर बाल-बाल बच गये. बताया जाता है कि अभिषेक अपनी पत्नी के साथ बाइक से हंसराजपुर जा रहे थे. इसी दौरान शिवम मार्ट के पास अचानक तार गिर पड़ा और उनके शरीर को छूते हुए निकल गया, जिससे उनकी गर्दन हल्की झुलस गयी. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा. सूचना मिलने पर बिजली कंपनी ने आपूर्ति बंद कर कर्मियों को मौके पर भेजा. तार हटाने के बाद यातायात सामान्य हो सका. घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है. पंडाल और मंडप गिरे, विवाह समारोहों में खलल

पेड़ गिरने से सड़क जाम,. घंटों बाधित रहा यातायात, बिजली आपूर्ति ठप

दिघवारा. प्रखंड के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार शाम आयी तेज आंधी और मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. तेज हवा के कारण कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गये और कई घरों की छत व एस्बेस्टस उड़ गये. कई स्थानों पर पेड़ गिरने से मकानों को नुकसान पहुंचा. आंधी-बारिश ने विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों को भी प्रभावित किया. दर्जनों जगहों पर पंडाल और मंडप गिर गये, जिससे कार्यक्रम बाधित हुए और लोगों को औपचारिकताएं जल्दबाजी में पूरी करनी पड़ी. पेड़ गिरने से छपरा-हाजीपुर फोरलेन सहित दिघवारा-अमनौर, मानपुर-गड़खा और शीतलपुर-परसा मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा. गुरुवार सुबह पेड़ हटाने के बाद ही आवागमन सामान्य हो सका. बिजली के पोल और तार गिरने से आपूर्ति ठप हो गयी, जिससे लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ा. आंधी-बारिश से आम, लीची, गेहूं और मकई की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shah abid hussain

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >