Saran News : शहर के मॉडल विद्यालय जिला स्कूल में सोमवार को निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी) की उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार जिले के सभी कॉलेज, स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थानों में ईएलसी को सक्रिय करने की पहल की जा रही है.
निर्वाचन जागरूकता कार्यक्रम की हुई शुरुआत
उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) निशांत किरण के नेतृत्व में शैक्षणिक संस्थानों में ईएलसी उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है. जिला निर्वाचन शाखा के निर्देश पर मास्टर प्रशिक्षकों की टीम जिला स्कूल पहुंची, जहां विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई.
संविधान और निर्वाचन प्रक्रिया की दी गई जानकारी
मास्टर प्रशिक्षक नदीम अहमद ने ईएलसी का परिचय देते हुए प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया पर जागरूकता सत्र आयोजित किया. उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के गठन, उसकी भूमिका और दायित्वों के साथ-साथ मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी.
मतदाता सूची और ईवीएम-वीवीपैट पर हुआ प्रशिक्षण
स्वीप के विशेषज्ञ शिक्षक संतोष कुमार बंटी ने मतदाता सूची की तैयारी एवं अद्यतन प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने मतदाता पंजीकरण, मतदाता सेवाओं और जागरूकता बढ़ाने में ईएलसी की भूमिका पर प्रकाश डाला. साथ ही क्विज, वाद-विवाद, मॉक पोल, निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों की जानकारी दी तथा ईवीएम और वीवीपैट का भी परिचय कराया.
विद्यालय में चुने गए नए ईएलसी एम्बेसडर
प्रधानाध्यापक मनीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में ईएलसी के नोडल शिक्षक नीतेश भारद्वाज एवं सहयोगी नोडल शिक्षिका नीलू कुमारी की देखरेख में नए छात्र एम्बेसडरों का चयन किया गया. विद्यार्थियों की आपसी सहमति से छात्रा वर्ग में अदिति कुमारी पांडेय और श्वेता कुमारी तथा छात्र वर्ग में निर्भय कुमार और हरिओम कुमार को विद्यालय का ईएलसी एम्बेसडर चुना गया.
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में कक्षा 9, 10 और 11 के विद्यार्थियों ने ईएलसी की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर मास्टर प्रशिक्षक विनय कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक विशाल कुमार सौरभ, संध्या कुमारी, चंदर कुमार सिंह, कुमार राजीव, डॉ. मो. वलीउल्लाह, सुधाकर कश्यप, विभा कुमारी, शैलेन्द्र कुमार साह, अभिनाश कुमार, पूनम कुमारी, अमृता गुप्ता, नीतू कुमारी, मुकेश कुमार सिंह, सरिता कुमारी, निशा यादव, सविता देवी, सीमा गिरी, शालिनी तिवारी, अपर्णा कुमारी, सुप्रिया रानी, अनुप कुमार शर्मा, विकास पांडेय, नीतू राय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे.
