Saran News: तरैया प्रखंड के उसरी गांगोदाई ब्रह्मस्थान परिसर में नवनिर्मित श्रीशंकर भगवान के मंदिर में स्थापित मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर पांच दिवसीय प्रतिष्ठात्मक यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. उसरी के ग्रामीणों के सहयोग और संत नारदजी महाराज के निर्देशन में 31 जुलाई से चार अगस्त तक प्रतिष्ठात्मक यज्ञ होगा.
यज्ञ को लेकर 30 जुलाई, गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली जायेगी. कलश यात्रा यज्ञस्थल से बैंड-बाजे के साथ निकलेगी, जो उसरी बाजार और भगवानपुर बाजार होते हुए मथुरा धाम पहुंचेगी. यहां गंडक नदी से पवित्र जलभरी की जायेगी.
यज्ञ की तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
प्रतिष्ठात्मक यज्ञ की तैयारियों को लेकर बुधवार को तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने समीक्षा की. इस दौरान कलश यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 30 जुलाई को कलश यात्रा निकाली जायेगी.
शिवमहापुराण कथा का भी होगा आयोजन
31 जुलाई से मानस मंजरी सुश्री प्रिया प्रियदर्शी द्वारा त्रिदिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जायेगा. कथा प्रतिदिन शाम सात बजे से रात 10 बजे तक होगी.
चार अगस्त को भगवान शंकर की मूर्ति का नगर भ्रमण कराया जायेगा. इसके बाद विधि-विधान से प्राणप्रतिष्ठा की जायेगी. प्राणप्रतिष्ठा के बाद महाभंडारा का आयोजन होगा. वहीं, रात में बिजेन्द्र गिरि द्वारा राम विवाह का आयोजन किया जायेगा.
समीक्षा बैठक में ये लोग रहे मौजूद
यज्ञ की तैयारी और समीक्षा बैठक में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, धर्मेन्द्र यादव, बीर बहादुर महतो, देवेन्द्र नाथ दिनकर, संजय राम, कन्हैया शर्मा, कुंदन भगत, लालबाबू शर्मा, कमलदेव राय, लाल बहादुर राय, बिजेन्द्र तिवारी, नवीन सिंह, अवधेश चौरसिया, सत्येन्द्र शर्मा, रामायण महतो समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
