Saran News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने स्नातक थर्ड सेमेस्टर सत्र 2024-28 की परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा 25 जुलाई से दो पालियों में ली जायेगी. मेजर कोर्स, माइनर कोर्स, मल्टी डिसीप्लिनरी कोर्स, एबिलिटी एनहैंसमेंट कोर्स तथा स्किल एनहैंसमेंट कोर्स के अलग-अलग पेपर की परीक्षा 25 जुलाई से 31 जुलाई तक निर्धारित की गई है.
दो पालियों में होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित समय सारणी के अनुसार पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक ली जायेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी. परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर तथा सभी संबद्ध कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी प्रकाशित कर दिया गया है. इसके साथ ही कॉलेजों में विभाग स्तर पर बने व्हाट्सएप ग्रुप में भी परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन भेज दिया गया है.
20 जुलाई तक एडमिट कार्ड
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 20 जुलाई तक थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा का एडमिट कार्ड भी ऑनलाइन जारी कर दिया जायेगा. कॉलेज स्तर पर होने वाली सभी आंतरिक परीक्षाएं पहले ही ली जा चुकी हैं, जिसका अंक पत्र भी कॉलेजों को मुख्य परीक्षा से पहले विवि में सबमिट करने का निर्देश दिया गया है. 31 जुलाई को मुख्य विषयों की लिखित परीक्षा समाप्त होने के उपरांत पांच से 10 अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षा का आयोजन किया जायेगा.
दो ग्रुपों में बंटे विषय
इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए स्नातक के सभी शैक्षणिक विषयों को दो प्रमुख ग्रुपों में बांटा गया है. ग्रुप ए में बॉटनी, जूलॉजी, भौतिकी, केमिस्ट्री, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, भोजपुरी, संस्कृति तथा कॉमर्स को रखा गया है. जबकि ग्रुप बी में भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, सोशियोलॉजी, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, एआइएच एंड सी, संगीत, ग्रामीण अर्थशास्त्र तथा एलएसडब्ल्यू शामिल हैं.
तारीख के अनुसार होगी परीक्षा
शेड्यूल के मुताबिक 25 जुलाई को पहली व दूसरी पाली में मेजर कोर्स के पेपर थ्री की परीक्षा होगी. 27 जुलाई को पहली व दूसरी पाली में मेजर कोर्स के पेपर फोर, 28 जुलाई को पहली व दूसरी पाली में माइनर कोर्स के पेपर थ्री, 29 जुलाई को पहली व दूसरी पाली में मल्टी डिसीप्लिनरी कोर्स के पेपर थ्री, 30 जुलाई को एबिलिटी एनहैंसमेंट के अंतर्गत पहली व दूसरी पाली में पेपर थ्री तथा 31 जुलाई को स्किल एनहैंसमेंट कोर्स के पेपर थ्री की परीक्षा दोनों पालियों में ली जायेगी.
फॉर्म भरने की तिथि विस्तारित
विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने स्नातक सत्र 2024-28 की परीक्षा का शेड्यूल जारी करने के साथ ही परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को भी एक बार फिर विस्तारित किया है. पूर्व में एक जुलाई को ही फॉर्म भरने की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी थी, लेकिन छात्र हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा विभाग ने इसे छह से 15 जुलाई तक विस्तारित किया था. शुल्क को ऑनलाइन जमा करने में आ रही तकनीकी गड़बड़ी के कारण अब अंतिम तिथि 20 जुलाई तक बढ़ा दी गयी है.
Also Read: सारण: एसएसपी के निर्देश पर परसा के सभी बैंकों में सघन चेकिंग, संदिग्धों पर पुलिस की कड़ी नजर
