Saran News: बनियापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने इनके पास से आग्नेयास्त्र समेत कई सामान बरामद किये हैं. वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि बनियापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डाढ़ीबाढ़ी चंवर स्थित ब्रह्मस्थान के पास कुछ लोग चार मोटरसाइकिल के साथ अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डाढ़ीबाढ़ी चंवर स्थित ब्रह्मस्थान के पास पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास करने लगे. पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को दो बाइक के साथ पकड़ लिया.
एक पिस्टल, तीन बाइक और दो मोबाइल बरामद
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहाजितपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी मेहताब आलम, पिता असगर साह और अमानत साह, पिता असरफ साह के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, तीन बाइक, दो मोबाइल फोन और दो कैंची बरामद की है.
सुनसान रास्ते में राहगीरों को लूटने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि वे लोग लूटपाट और छिनतई की योजना बना रहे थे. इसी उद्देश्य से सभी लोग डाढ़ीबाढ़ी चंवर में एकत्रित हुए थे. अंधेरा होने के बाद सुनसान रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर लूटपाट और छिनतई की घटना को अंजाम देने की योजना थी.
मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज
छापेमारी टीम में बनियापुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. मामले में आर्म्स एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत बनियापुर थाना कांड संख्या 647/26 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान
