एकमा में ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दुकानदार की हुई मौत, हंगामा

मांझी-बरौली मुख्य मार्ग के हंसराजपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप नहर पुलिया के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार किराना दुकानदार की मौत हो गयी.

एकमा. मांझी-बरौली मुख्य मार्ग के हंसराजपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप नहर पुलिया के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार किराना दुकानदार की मौत हो गयी. मृतक की पहचान नगर पंचायत एकमा बाजार अंतर्गत हेकाम गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के 50 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि विनोद कुमार सिंह स्कूटी से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान एकमा से मांझी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी ट्रक के अगले चक्के के नीचे फंस गयी. दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले मांझी-बरौली पथ को जाम कर दिया. बाद में पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को थाना ले जाने के दौरान लोगों ने छपरा-सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया. दोनों सड़क मार्गों पर करीब ढाई घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगाने का भी प्रयास किया तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. ट्रक जब्त कर फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस: ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगे हुए थे, जिससे वाहन के संदिग्ध होने की आशंका जतायी जा रही है. लोगों का कहना था कि मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए. सूचना मिलने पर अंचल पुलिस निरीक्षक किरण शंकर, थानाध्यक्ष राम बालक यादव, बीडीओ डॉ अरुण कुमार तथा सीओ अमलेश कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब अपराह्न 1:30 बजे यातायात सामान्य हो सका. थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है. ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार विनोद कुमार सिंह गांव में किराने की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. हादसे के बाद पत्नी सोनम देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shah abid hussain

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >