Saran News: भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में आरएसके ग्लोबल स्कूल, सलखुआ में आयोजित पांच दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ. प्रशिक्षण के दौरान स्काउट एवं गाइड कैडेटों को अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
समापन समारोह में विद्यालय की निदेशिका संगीता सिंह और प्रबंधक रजनीश कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया. मुख्य अतिथि सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) राजेश कुमार मांझी ने कहा कि स्काउट एवं गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें अनुशासित, जिम्मेदार और सेवा भाव से युक्त नागरिक बनने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता विकसित होती है.
चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करता है प्रशिक्षण
समारोह में मौजूद अन्य अतिथियों ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है. उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने की अपील की.
प्राथमिक उपचार से लेकर आपदा प्रबंधन तक मिला प्रशिक्षण
पांच दिवसीय शिविर में प्रशिक्षुओं को स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, स्काउट संकेत एवं सलामी, गांठें एवं बंधन, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, तंबू निर्माण और टोली पद्धति की जानकारी दी गयी. इसके अलावा सामुदायिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, खेल एवं सामूहिक गतिविधियों के साथ व्यक्तित्व विकास का भी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण का सफल संचालन जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह और आशुतोष कुमार ने किया. शिविर सहायक आलोक राज, नोडल शिक्षिका नेहा तिवारी और आनंद यादव ने प्रशिक्षण व्यवस्था एवं विभिन्न गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
प्रशिक्षुओं ने प्रस्तुत किया आकर्षक प्रदर्शन
समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने स्काउटिंग-गाइडिंग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसे अतिथियों ने सराहा. प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया और प्रथम सोपान प्रशिक्षण की निर्धारित दक्षताओं के अनुरूप उन्हें प्रमाणित किया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशिक्षक, स्काउट-गाइड कैडेट और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे. पूरे समारोह में उत्साह, अनुशासन और सेवा भाव का माहौल रहा.
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार सिन्हा, भारत स्काउट एवं गाइड सारण के जिला मुख्य आयुक्त हरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज, बृज किशोर सिंह, नवीन पुरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
