Saran News : स्थानीय थाना क्षेत्र के शिल्हौरी स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने डबल ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोर विद्यालय की कक्षा 9वीं से एलजी कंपनी का स्मार्ट एंड्रॉइड टीवी, उसका यूपीएस समेत पूरा सेटअप और छह पंखे चोरी कर ले गये. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
कक्षा नौ के कमरे का ताला तोड़कर घुसे चोर
विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार सिंह ने मढ़ौरा थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. उनके अनुसार, 8 सितंबर की रात असामाजिक तत्वों ने विद्यालय की कक्षा 9वीं के दरवाजे पर लगे डबल ताले को तोड़ दिया और कमरे के अंदर प्रवेश किया.
स्मार्ट टीवी और छह पंखे किये चोरी
कमरे में प्रवेश करने के बाद चोरों ने एलजी कंपनी का एक स्मार्ट एंड्रॉइड टीवी, उसका यूपीएस और पूरा सेटअप चोरी कर लिया. इसके अलावा विद्यालय से कुल छह पंखे भी गायब मिले. चोरी की घटना सामने आने के बाद विद्यालय कर्मियों में चिंता का माहौल है.
बेंच पर मिले चार-पांच लोगों के पैरों के निशान
बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस विद्यालय पहुंची और जांच की. इस दौरान कक्षाओं में रखे बेंचों के ऊपर चार से पांच व्यक्तियों के पैरों के स्पष्ट निशान मिले. पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
30 अगस्त को भी हुई थी पंखों की चोरी
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी विद्यालय परिसर में चोरी की घटना हो चुकी है. 30 अगस्त 2026 को मध्य विद्यालय की कक्षा सातवीं और आठवीं से पंखों की चोरी हुई थी, जिसकी सूचना पूर्व में पुलिस को दी गयी थी.
लगातार चोरी से विद्यालय कर्मियों में बढ़ी चिंता
विद्यालय परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय कर्मियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. लोगों ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाये हैं.
मामले की गंभीरता से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है. चोरी गये सामान की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.
