छपरा में हीट वेव का कहर, 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, अस्पतालों में बढ़े लू के मरीज, हाई अलर्ट

छपरा समेत पूरा जिला इस समय भीषण हीट वेव की चपेट में है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं

Saran Weather: (विकास कुमार) छपरा समेत पूरा जिला इस समय भीषण हीट वेव की चपेट में है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों ने लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

कड़ी धूप और गर्म हवाओं से बढ़ा खतरा

जिले में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं. दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है. गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और घर से निकलना मुश्किल हो रहा है.

हीट स्ट्रोक के मरीजों से भर रहे अस्पताल

सदर अस्पताल और निजी अस्पतालों में गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक छपरा सदर अस्पताल में 450 मरीजों ने ओपीडी में रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें 22 मरीज हीट स्ट्रोक और लू से पीड़ित थे. वहीं सात मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया.

डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त की बढ़ीं शिकायतें

अस्पतालों में पहुंचने वाले अधिकतर मरीज डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त और चक्कर आने जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं. चिकित्सकों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों में गर्मी से प्रभावित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है.

जरूरी होने पर ही घर से निकलें

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि लू लगने पर शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाता है और शरीर में पानी व नमक की भारी कमी हो जाती है. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें.

शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें

चिकित्सकों ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है. आम का पन्ना, नींबू पानी, लस्सी, मठ्ठा, जलजीरा और फलों का रस गर्मी से बचाने में काफी मददगार बताया गया है. डॉक्टरों ने धूप से आकर तुरंत ठंडा पानी पीने से भी बचने की सलाह दी है.

खाली पेट घर से निकलना पड़ सकता है भारी

विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में खाली पेट घर से नहीं निकलना चाहिए. तरबूज, खीरा, ककड़ी और पानी वाले फलों का सेवन शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है. साथ ही अधिक तेल-मसालेदार भोजन से परहेज करने की सलाह दी गई है.

ये लक्षण दिखें तो तुरंत हो जाएं सावधान

डॉक्टरों ने बताया कि शरीर का तापमान अचानक बढ़ना, तेज सिरदर्द, सांस तेज चलना, चक्कर आना, दस्त, उल्टी, मिचली, त्वचा पर लाल दाने और शरीर में जकड़न हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं.ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए.

धूप में निकलते समय शरीर को ढककर रखें

चिकित्सक डॉ राजेश रंजन ने सलाह दी कि धूप में निकलते समय सिर, आंख और शरीर को ढककर रखें. टोपी, गमछा और चश्मे का इस्तेमाल करें. साथ ही एसी से निकलकर तुरंत तेज धूप में जाने से बचें.

सदर अस्पताल अलर्ट मोड में

सदर अस्पताल प्रशासन ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड में है. अस्पताल में दवाइयों, ओआरएस और चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके.

Also Read: गया से चोरी हुई स्कॉर्पियो छपरा से बरामद, पुलिस ने चोर गिरोह को ऐसे दबोचा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >