Saran Weather Alert: बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी का कहर जारी है. देर रात कई जिलों में हल्की बारिश हुई लेकिन सुबह से ही तेज धूप से एक बार फिर उमस जैसा माहौल है. इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बिहार के कई जिलों के लिए तत्कालिक मौसम चेतावनी (Nowcast Weather Warning) जारी की है. मौसम विभाग ने सारण जिले के सोनपुर प्रखंड समेत राज्य के आठ जिलों में अगले दो से तीन घंटे के भीतर मेघ गर्जन, वज्रपात, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है. इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
सारण के सोनपुर समेत 8 जिलों के कई प्रखंड प्रभावित
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार सारण जिले के सोनपुर प्रखंड के अलावा नालंदा, पटना, बेगूसराय, लखीसराय, वैशाली, शेखपुरा और समस्तीपुर जिले के कई प्रखंडों में मौसम खराब होने की संभावना है. प्रभावित जिलों में नालंदा के अस्थावां, करायपरसुराय, बेन, थरथरी, नगर नौसा, सरमेरा, तेल्हाड़ा, रहुई, हरनौत और हिलसा शामिल हैं. पटना जिले के अथमलगोला, खुसरूपुर, घोसवरी, दनियावां, धनरुआ, फतुहा, पटना ग्रामीण, पुनपुन, पंडारक, बख्तियारपुर, बाढ़, बेलछी, मोकामा और संपतचक क्षेत्र भी चेतावनी के दायरे में हैं.
इन प्रखंडों के लिए भी अलर्ट जारी
इसी प्रकार बेगूसराय जिले के कई प्रखंडों, वैशाली जिले के गोरौल, जंदाहा, देसरी, पातेपुर, विदुपुर, भगवानपुर, महनार, महुआ, राजापाकर, लालगंज, सहदेई बुजुर्ग और हाजीपुर, समस्तीपुर जिले के उजियारपुर, दलसिंहसराय, पटोरी, मोरवा, मोहिउद्दीननगर, सरायरंजन, विद्यापतिनगर, विभूतिपुर तथा अन्य क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी किया गया है. लखीसराय जिले के बड़हिया तथा शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड को भी चेतावनी में शामिल किया गया है.
50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है.
सारण की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
किसानों और आम लोगों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी है. वहीं आम लोगों से खुले स्थानों, जलाशयों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है. विभाग ने कहा है कि बिजली चमकने और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें. खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें.
अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग के अनुसार चेतावनी जारी होने के समय से अगले दो से तीन घंटे मौसम सबसे अधिक सक्रिय रह सकता है. ऐसे में सारण के सोनपुर समेत सभी प्रभावित जिलों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें.
Also Read: saran news : जानें सारण जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा
