Saran Taraiya Gandak Canal Embankment Repair : सारण जिले के तरैया प्रखंड में परौना जाने वाले मार्ग पर गंडक नहर का ध्वस्त बांध गंडक विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कर आवागमन बहाल कर दिया. बांध टूटने की सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर सड़क को फिर से चलने लायक बना दिया.
गंडक नहर का ध्वस्त बांध किया गया दुरुस्त
प्रखंड के तरैया-अमनौर स्टेट हाईवे से निकलकर परौना जाने वाली गंडक नहर के बांध का एक हिस्सा बुधवार सुबह ध्वस्त हो गया था. यह बांध मंझोपुर गंडक नहर पुल से परौना, भटगाई, मोलनापुर समेत कई गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित है. बांध टूटने से आवागमन प्रभावित हो गया था.
सूचना मिलते ही हरकत में आया गंडक विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मोबाइल के माध्यम से गंडक विभाग के अधिकारियों को सूचित किया. सूचना मिलते ही कनीय अभियंता उत्पल कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.
Saran News : जेसीबी से युद्धस्तर पर चला मरम्मत अभियान
गंडक विभाग ने जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त बांध में मिट्टी भरकर मरम्मत कार्य शुरू किया. कुछ ही घंटों में बांध को मजबूत करते हुए सड़क मार्ग को फिर से आवागमन के लिए बहाल कर दिया गया. विभाग की त्वरित कार्रवाई से लोगों को राहत मिली.
Taraiya News : पानी के दबाव से हुआ था बांध क्षतिग्रस्त
विभागीय अधिकारियों के अनुसार गंडक नहर में पानी का दबाव अधिक होने के कारण ह्यूम पाइप के किनारे से लगातार रिसाव हो रहा था. इसी वजह से धीरे-धीरे मिट्टी कटने लगी और अंततः बांध का हिस्सा ध्वस्त होकर टूट गया.
ग्रामीणों और विभाग की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान
ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गंडक विभाग की तत्परता के कारण समय रहते मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया. इससे आवागमन सामान्य हो गया और संभावित बड़े नुकसान से भी बचाव हो सका.
