Saran weather: गुरुवार को दोपहर बाद छपरा शहर में करीब आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई. मौसम विभाग की ओर से 13 अगस्त को बारिश की संभावना जतायी गयी थी. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आयी और लोगों को पिछले तीन-चार दिनों से जारी गर्मी व उमस से राहत मिली. हालांकि तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
मेवालाल चौक, मौना चौक, सरकारी बाजार, खनुआ रोड, मौना, सांढा रोड, गुदरी, गांधी चौक, नेहरू चौक, मोहन नगर और मौना पंचायत भवन रोड समेत कई इलाकों में पानी जमा हो गया. सड़क और नाला निर्माण वाले क्षेत्रों में बारिश के बाद परेशानी और बढ़ गयी है. डबल डेकर निर्माण क्षेत्र में पाइलिंग वाले स्थानों पर गड्ढों में पानी भर जाने से काम प्रभावित हुआ है. इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ है.
15 अगस्त की तैयारियों पर बारिश का असर
बारिश का असर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर भी पड़ने की संभावना है. शहर के कई स्कूल-कॉलेजों के मैदान में पानी जमा होने से 15 अगस्त के कार्यक्रमों की तैयारी प्रभावित हो सकती है. कई जगहों पर बच्चों के अभ्यास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मैदान की स्थिति अनुकूल नहीं रह गयी है.
खासकर मौना, मेवालाल चौक और मौना पंचायत भवन रोड की स्थिति बारिश के बाद खराब हो गयी है. इन इलाकों में पहले से डबल डेकर निर्माण के कारण आवागमन प्रभावित है. अब सड़क पर कीचड़ और जलजमाव होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
15 अगस्त को बच्चों और आम लोगों को हो सकती है परेशानी
पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के कारण सड़कों पर जमा कीचड़ सूख गया था और आवागमन कुछ हद तक सामान्य हो गया था. लेकिन गुरुवार की बारिश के बाद कई रास्तों पर दोबारा कीचड़ की स्थिति बन गयी है. यदि 15 अगस्त से पहले जलनिकासी नहीं हुई और दोबारा बारिश हुई तो स्कूलों में पहुंचने वाले बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के लिए जरूरी तैयारी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए स्कूल-कॉलेज प्रबंधन और संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की जरूरत है. जहां मैदान में पानी जमा है, वहां पंप या अन्य माध्यम से पानी निकालने की व्यवस्था की जानी चाहिए. बच्चों के आवागमन वाले रास्तों से कीचड़ हटाने और सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी होगा.
अगर 15 अगस्त के दिन बारिश की स्थिति बनती है तो स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खुले मैदान के बजाय वैकल्पिक सुरक्षित स्थल की तैयारी भी रखनी चाहिए. वहीं शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास जलजमाव नहीं हो, इसके लिए नगर प्रशासन को समय रहते नालियों की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था करनी होगी.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
