सारण के 9 उप स्वास्थ्य केंद्र बनेंगे शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, MBBS डॉक्टर और मुफ्त दवा की सुविधा

सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. नौ उप स्वास्थ्य केंद्रों को शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बदला गया है, जहां अब एमबीबीएस डॉक्टर, पैथोलॉजी जांच और मुफ्त दवाएं उपलब्ध होंगी.

Urban Health and Wellness Centre: सारण जिले में ग्रामीण और शहरी आबादी के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की दूरी कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नौ उप स्वास्थ्य केंद्रों को शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित कर संचालित करने का निर्णय लिया है.

इन केंद्रों पर मरीजों को सामान्य उपचार के साथ एमबीबीएस चिकित्सक की सेवा, पैथोलॉजी जांच, मुफ्त दवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण और परिवार नियोजन संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जायेगा. इससे आसपास की आबादी को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है.

राज्य स्वास्थ्य समिति की 40वीं शासी निकाय की बैठक में सारण के इन नौ उप स्वास्थ्य केंद्रों को शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है. इन केंद्रों का संचालन राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत किया जायेगा.

इन नौ केंद्रों को मिलेगा शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का दर्जा

स्वास्थ्य विभाग के निर्णय के अनुसार सारण के निम्न उप स्वास्थ्य केंद्रों को शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जायेगा.

  • दरियापुर प्रखंड के सैदपुर
  • मशरख प्रखंड के हनुमानगंज
  • जलालपुर प्रखंड के कोपा
  • एकमा प्रखंड के भरहोपुर और हरपुर
  • दिघवारा प्रखंड के सैदपुर
  • मढ़ौरा प्रखंड के ओसइयां और रहिमापुर
  • छपरा सदर प्रखंड के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र

इन केंद्रों के विकसित होने के बाद आसपास के लोगों को स्थानीय स्तर पर कई तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

एमबीबीएस डॉक्टर, एएनएम और स्टाफ नर्स की होगी तैनाती

शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जायेगी. केंद्रों पर एमबीबीएस चिकित्सक, एएनएम और स्टाफ नर्स की तैनाती का प्रावधान है.

इससे मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. गंभीर मरीजों को जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जा सकेगा.

सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगी ओपीडी

शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में मरीजों के लिए नियमित ओपीडी सेवा संचालित की जायेगी. निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ओपीडी का संचालन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक किया जायेगा.

मरीज इस अवधि में केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सक से परामर्श ले सकेंगे. आवश्यकता के अनुसार उन्हें जांच, दवा और आगे के उपचार के लिए रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी.

पैथोलॉजी जांच और मुफ्त दवा की सुविधा

नए शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है. इससे मरीजों को सामान्य जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर निर्भरता कम होगी.

इसके अलावा केंद्रों पर निर्धारित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता अधिसूचित आवश्यक दवा सूची के अनुसार सुनिश्चित की जायेगी. मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी.

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और परिवार नियोजन की भी मिलेगी सुविधा

इन केंद्रों पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी. महिलाओं और परिवारों को परिवार नियोजन से संबंधित परामर्श भी दिया जायेगा. इससे प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >