Graduation Attendance: स्नातक सत्र 2026-30 में तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. सभी कॉलेजों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कक्षाएं संचालित हो रही हैं. कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेई के निर्देश पर विभिन्न कॉलेजों द्वारा छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति को लेकर गाइडलाइन जारी की गयी है.
कई कॉलेजों से ऐसी जानकारी मिली है कि कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति नामांकन के अनुपात में काफी कम है. ऐसे में अधिकतर कॉलेजों द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना प्रकाशित की गयी है कि यदि छात्र-छात्राएं लगातार तीन दिन तक क्लास अटेंड नहीं करते हैं, तो उन्हें नोटिस भेजा जायेगा.
शहर के राजेंद्र कॉलेज, राम जयपाल कॉलेज, पीसी विज्ञान कॉलेज आदि के नोटिस बोर्ड पर भी इस संबंध में सूचना प्रकाशित की गयी है. इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कक्षाओं में 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है. नामांकन के बाद छात्रों को नियमित रूप से क्लास करने आना होगा.
तीन दिन लगातार अनुपस्थित रहने पर देना होगा उचित कारण
कॉलेजों की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विषम परिस्थिति में यदि कोई छात्र-छात्रा लगातार तीन दिन तक अनुपस्थित रहता है, तो उसे अनुपस्थिति का उचित कारण प्रस्तुत करना होगा. इसके बाद ही उसे दोबारा क्लास अटेंड करने की अनुमति दी जायेगी.
जानकारी के अनुसार, कॉलेजों में नामांकन के अनुपात में महज 10 से 15 फीसदी छात्र-छात्राएं ही प्रतिदिन क्लास करने पहुंच रहे हैं. कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी कॉलेज में 75 फीसदी उपस्थिति नहीं होने की स्थिति में छात्र-छात्राओं का परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जायेगा.
थर्ड लिस्ट में नामांकित छात्रों का वर्ग संचालन शुरू
विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग द्वारा स्नातक सत्र 2026-30 में जारी की गयी थर्ड मेरिट लिस्ट के छात्रों के नामांकन के लिए आठ अगस्त तक अंतिम तिथि निर्धारित की गयी थी. अब थर्ड लिस्ट के छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
सभी कॉलेजों में थर्ड लिस्ट में शामिल छात्र-छात्राओं की कक्षाएं भी शुरू कर दी गयी हैं. कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर इस संबंध में जानकारी प्रकाशित कर दी गयी है. वहीं, व्हाट्सएप ग्रुप में भी थर्ड लिस्ट में नामांकित छात्रों को जोड़ दिया गया है और वर्ग संचालन का विस्तृत शेड्यूल उपलब्ध कराया गया है, ताकि छात्र निर्धारित समय पर कक्षाओं में उपस्थित हो सकें.
एक जुलाई से संचालित हो रही हैं स्नातक की कक्षाएं
विदित हो कि स्नातक के वर्तमान सत्र की कक्षाएं एक जुलाई से ही कॉलेजों में संचालित हो रही हैं. जिन छात्र-छात्राओं का नामांकन थर्ड मेरिट लिस्ट में हुआ है, वे नामांकन के अगले दिन से ही कक्षाओं में शामिल हो रहे हैं.
