छपरा. ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर एनइ रेलवे मजदूर यूनियन की छपरा शाखा ने सोमवार को डीजल लॉबी परिसर के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. रनिंग कर्मचारियों ने केंद्र सरकार द्वारा माइलेज दरों में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी लागू करने में हो रही देरी पर कड़ा रोष व्यक्त किया. इसी तरह के प्रदर्शन एनइ रेलवे की सभी लॉबियों के सामने भी आयोजित किये गये. यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि 7वें वेतन आयोग के प्रावधानों के अनुसार जब महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत तक पहुंच जाता है, तो यात्रा भत्ता और माइलेज दरों में स्वतः 25 प्रतिशत की वृद्धि लागू होनी चाहिए. यात्रा भत्ता में बढ़ोतरी कर दी गई है, लेकिन माइलेज दरों में बदलाव अब तक नहीं किया गया है, जिससे रनिंग कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे देश के कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें किलोमीटर भत्ता को इनकम टैक्स से मुक्त करना, लोको कैब में कैमरा लगाने की प्रक्रिया पर रोक, इंजन में फॉग सेफ्टी डिवाइस और डेटोनेटर अनिवार्य रूप से लगाने, मुख्य लोको निरीक्षकों को साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित करने और अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग शामिल थीं. कार्यक्रम का नेतृत्व आउटडोर शाखा मंत्री दिग्विजय सिंह, मैकेनिकल शाखा मंत्री शशि भूषण प्रसाद और संयुक्त शाखा मंत्री राकेश कुमार समेत कई नेताओं ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे, जिनमें कुणाल, शेषनाथ सिंह, संजय चौधरी, संजीव कुमार सिंह, नीरज कुमार, अजीत सिंह, जयप्रकाश कुमार, अमरनाथ सिंह, विनय कुमार सिंहा, शिवशंकर कुमार, सतीश कुमार, फागू राम, रविंद्र कुमार, देवाशीष गोंड और अशोक राय शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
