मकेर थाना क्षेत्र के एनएच-722 स्थित छपरा-मुजफ्फरपुर मार्ग के रेवा गंडक नदी पुल से एक युवक के नदी में छलांग लगाने की आशंका है. घटना को देखकर राहगीरों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मकेर और सरैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
पुल पर लावारिस हालत में मिली बुलेट
पुल पर पुलिस को एक बुलेट बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली. राहगीरों ने बाइक को नदी में छलांग लगाने वाले युवक का बताया. पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की.
बाइक के नंबर से हुई युवक की पहचान
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान अभिषेक साह (22 वर्ष) के रूप में हुई है. वह बेलवर गांव, थाना बेलसर, जिला वैशाली का रहने वाला बताया गया है. बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया. सूचना मिलने के बाद परिजन भी रेवा घाट पहुंच गये.
पारिवारिक विवाद की बात सामने आयी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के इस कदम के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
नदी में युवक की तलाश जारी
घटना के बाद मकेर और सरैया थाना की पुलिस की ओर से गंडक नदी में युवक की तलाश की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. वहीं, परिजनों की ओर से नदी में तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की जा रही है.
