Sangeet Shikshak Lapata: मकेर थाना क्षेत्र में एनएच-722 पर स्थित रेवा पुल से एक संगीत शिक्षक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय शेखर सुमन मंगलवार की रात से लापता हैं. रेवा पुल के पास उनकी कार लावारिस हालत में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गयी है.
शेखर सुमन शोभेपुर निवासी उपेंद्र राय के पुत्र हैं और नगरा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिल रहा है.
स्कूल से निकलने के बाद रेवा पुल पहुंचे थे शिक्षक
परिजनों के अनुसार, शेखर सुमन मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद गड़खा में फिजियोथेरेपी कराने गये थे. फिजियोथेरेपी के बाद उन्होंने अपने चालक विकास कुमार को बसंतपुर कटसा में उतार दिया और खुद चार पहिया वाहन से रेवा घाट पुल की ओर चले गये.
देर रात तक उनके घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिलने के बाद परिजनों को चिंता हुई. तलाश करते हुए जब परिजन रेवा पुल पर पहुंचे, तो वहां शेखर सुमन की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली. हालांकि, शेखर का कोई पता नहीं चला.
गंडक नदी में तलाश जारी
कार मिलने के बाद आशंका जतायी जा रही है कि शिक्षक गंडक नदी की ओर गये होंगे. सूचना मिलने पर सीओ निर्मला कुमारी के प्रयास से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. टीम गंडक नदी में सर्च अभियान चला रही है.
थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम शिक्षक की तलाश में जुटी हुई है.
हादसे के बाद तनाव में होने की बात
परिजनों के अनुसार, शेखर सुमन पूर्व में हुए ट्रक-बाइक हादसे में पैर और जांघ में चोट लगने के बाद परेशान थे. उनके भाई पंकज ने बताया कि शेखर काफी तनाव में होने की बात भी सामने आयी थी. शेखर सुमन अविवाहित हैं.
हालांकि, उनके लापता होने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
अब तक नहीं मिला शिक्षक का सुराग
समाचार लिखे जाने तक शेखर सुमन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. पुलिस आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य संभावित स्थानों की भी जांच कर रही है. परिजन भी उनकी तलाश में जुटे हुए हैं.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
