सारण: परसा में पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च, NEET प्रदर्शन को लेकर अलर्ट मोड में सारण प्रशासन

NEET पेपर लीक के विरोध में सारण में प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परसा थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।

Saran News: देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच सारण जिले में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

पुलिस और प्रशासन ने निकाला संयुक्त फ्लैग मार्च

इसी क्रम में शुक्रवार की शाम परसा थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया.

सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनुज कुमार और परसा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस बल ने मार्च किया.

दरोगा राय चौक से पोझी चौक तक निकला मार्च

फ्लैग मार्च की शुरुआत परसा दरोगा राय चौक से हुई, जो पोझी चौक तक निकाला गया.

इस दौरान पुलिस टीम ने बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और व्यवसायियों से बातचीत की.

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.

कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

दंडाधिकारी सह सीओ अनुज कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन धरना-प्रदर्शन और जुलूस के दौरान कानून का पालन करना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कानून हाथ में लेने या सामाजिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने की अपील

परसा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या शांति भंग होने की आशंका की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से बचने की भी अपील की.

संवेदनशील स्थानों पर रखी जा रही विशेष नजर

फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे.

पूरे मार्च के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.

प्रशासन की ओर से आगामी दिनों में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md Yusuf

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >