Pradhan Mantri Gramin Awas Yojana: नगरा प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण किये गये आवासों के गृह प्रवेश को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान चयनित लाभुकों को आवास से संबंधित शुभकामना पत्र, स्वीकृति पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर योजना के प्रति जागरूक किया गया.
28 शुभकामना पत्र और 12 स्वीकृति पत्र बांटे गये
कार्यक्रम में बीडीओ अनुभव कुमार ने लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी और स्वीकृति पत्र प्रदान किया. विभागीय जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान 28 शुभकामना पत्र, 12 स्वीकृति पत्र और 22 प्रतीकात्मक चाबी वितरित की गयी. आवास निर्माण पूरा होने के बाद गृह प्रवेश करने वाले लाभुकों में खुशी का माहौल रहा.
जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना उद्देश्य
बीडीओ अनुभव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है. उन्होंने लाभुकों से अपील की कि योजना का लाभ मिलने के बाद आवास निर्माण को अधूरा न छोड़ें और निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा कराएं.
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है.
बिचौलियों के चक्कर में नहीं पड़ने की अपील
बीडीओ ने ग्रामीणों से आवास योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए प्रखंड कार्यालय और संबंधित कर्मियों से संपर्क करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लाभुक किसी भी स्थिति में बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें.
लाभुकों को अपने स्तर से भी योजना की जानकारी आसपास के पात्र परिवारों तक पहुंचाने और उन्हें जागरूक करने के लिए कहा गया.
आवास निर्माण की प्रक्रिया की दी गयी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान आवास योजना से जुड़े कर्मियों ने लाभुकों को योजना के प्रावधानों, आवास निर्माण की प्रक्रिया और आवश्यक कागजात से संबंधित जानकारी दी. अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचाना और निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराना विभाग की प्राथमिकता है.
ये कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक राजेश कुमार, ग्रामीण आवास सहायक किरण कुमारी, कुमार अमृत, अजय यादव, सुष्मिता कुमारी, अमृता कुमारी, प्रवीण कुमार एवं उमाशंकर शर्मा तथा कार्यपालक सहायक राहुल शर्मा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
