सारण में निगम सफाई कर्मियों की हड़ताल का पहला दिन, शहर में जगह-जगह कचरे का अंबार

Saran Municipal Corporation Strike: सारण नगर निगम के सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए. पहले दिन कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और कूड़े के ढेर नजर आए.

Saran Municipal Corporation Strike: बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर छपरा नगर निगम के सफाई कर्मी गुरुवार से हड़ताल पर चले गए. हड़ताल के पहले ही दिन शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी. हड़ताली सफाई कर्मियों ने सुबह करीब आठ बजे शहर में प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. इस दौरान हड़ताली कर्मियों ने निजी सफाई एजेंसी के कर्मचारियों को भी काम करने से रोकने का प्रयास किया.

हड़ताली सफाई कर्मियों ने पहले दिन की हड़ताल को पूरी तरह सफल बताया. वहीं नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर दिखे कूड़े के ढेर

सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद शहर के कई वार्डों के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर दिखाई दिए. सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी जमा होने लगी. नालों की सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर नाले का पानी भी सड़क पर आने लगा.

शहर के सभी 45 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भी परेशान दिखे. स्थानीय लोगों की शिकायतें पार्षदों तक पहुंचती रहीं. कई पार्षदों ने अपने स्तर से वैकल्पिक व्यवस्था कराकर सफाई कराने का प्रयास किया.

निजी एजेंसी के सफाई कर्मियों को भी काम करने से रोका

हड़ताल पर गए सफाई कर्मियों ने नगर निगम की निजी एजेंसी के सफाई कार्य को भी बाधित किया. सफाई के लिए निकले ट्रैक्टर और कर्मियों को कुछ स्थानों पर वापस लौटना पड़ा. हड़ताली कर्मियों के आक्रोश को देखते हुए निजी एजेंसी के कर्मचारी महापौर और नगर आयुक्त के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी.

इस दौरान कुछ जगहों पर हड़ताली कर्मियों और निजी एजेंसी के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी. हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों का कहना था कि वे आंदोलन को कमजोर नहीं होने देंगे और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे.

इतने कर्मी हड़ताल पर

  • 330 डेली वेजेज सफाई कर्मी
  • 30 डेली वेजेज जमादार
  • 10 डेली वेजेज ड्राइवर
  • 2 सेनेटरी इंस्पेक्टर
  • 10 लिपिक

क्या बोले संघ के अध्यक्ष

लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन, छपरा नगर निगम के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने कहा कि राज्य संघ के आदेश पर हड़ताल शुरू की गई है. जब तक मांगों पर निर्णय नहीं होता, हड़ताल जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि निजी एजेंसी को भी चेतावनी दी गई है कि हड़ताल में बाधा डालने का प्रयास किया गया तो उसका विरोध किया जाएगा. उन्होंने पहले दिन कामकाज पूरी तरह ठप रहने और प्रदर्शन किए जाने का दावा किया.

क्या बोले नगर आयुक्त

नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा कि सफाई व्यवस्था की लगातार जानकारी ली जा रही है. अभी तक कामकाज में किसी तरह की बड़ी बाधा की सूचना नहीं मिली है. सफाई व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और कर्मियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है.

महापौर ने कहा, मांगों पर सरकार को लेना है निर्णय

छपरा नगर निगम की महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि सफाई कर्मियों और नगर निगम के अन्य कर्मियों की जो मांगें हैं, वे जायज हैं. इन मांगों पर राज्य सरकार के स्तर से निर्णय होना है. उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >