Saran News: छपरा-महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने गुरुवार को केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में चलंत पशु चिकित्सालय (मोबाइल वेटरिनरी यूनिट-एमवीयू) स्थापित करने की मांग उठाई.
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए अनुरोध पत्र में कहा कि महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र का अधिकांश भाग कृषि और पशुपालन पर आधारित है. क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक लाखों पशुओं का पालन-पोषण करते हैं. ऐसे में पशुओं के समय पर उपचार और चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में मोबाइल वेटरिनरी यूनिट की व्यवस्था आवश्यक है.
लोकसभा में भी उठा चुके हैं मुद्दा
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बताया कि इस विषय को वह पहले भी लोकसभा में नियम-377 के तहत उठा चुके हैं. इसके बाद मंत्रालय ने 20 फरवरी 2025 को पत्र जारी कर इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई थी. अब उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि इस योजना को जल्द लागू कराने के लिए बिहार सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं.
इन प्रखंडों में मोबाइल वेटरिनरी यूनिट की मांग
सांसद ने सारण जिले के तरैया, पानापुर, इसुआपुर, मशरक, बनियापुर, जलालपुर, मांझी, एकमा और लहलादपुर (जनता बाजार) सहित सिवान जिले के भगवानपुर हाट, लकड़ीनबीगंज, बसंतपुर, गोरियाकोठी और महाराजगंज प्रखंड में एक-एक मोबाइल पशु चिकित्सालय स्थापित करने की मांग की है.
किसानों और पशुपालकों को मिलेगा सीधा लाभ
सांसद ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में चलंत पशु चिकित्सालय शुरू होने से किसानों और पशुपालकों को पशुओं के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. गांव के निकट ही बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.
