Saran News: खैरा थाना क्षेत्र के कृष्णा चौक के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार मिनी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार अन्य दो युवकों में एक मौके से फरार हो गया और दूसरे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के बालडीहां गांव निवासी नंदकिशोर राय के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों ने की राहत-बचाव की कोशिश
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों की मदद से पलटी हुई मिनी पिकअप को सीधा किया गया. इसके बाद खैरा पुलिस की सहायता से गंभीर रूप से घायल युवक को नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी पिकअप नगरा से छपरा की ओर जा रही थी. कृष्णा चौक के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण पिकअप सड़क किनारे पलट गई. वाहन पर तीन युवक सवार थे.
हादसे के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को खैरा पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
खैरा थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष चंदा कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:गोपालगंज: 'सांवली' कहकर प्रताड़ित करने और फोन पर तीन तलाक देने का आरोप, कोर्ट ने FIR दर्ज करने का दिया आदेश
