सारण से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट
JPU Red Run 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में 1 जुलाई से रेड रन 2026 अभियान की शुरुआत होगी. राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है. अभियान के तहत कॉलेजों से लेकर राज्य स्तर तक पांच किलोमीटर की रेड रन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.
JPU Red Run 2026: 1 जुलाई से शुरू होगा रेड रन 2026 अभियान
जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से रेड रन 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. यह अभियान राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), नई दिल्ली के निर्देशन में संचालित होगा. इसका उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स और अन्य स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूकता बढ़ाना है.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
Saran News: छात्रों को एचआईवी संक्रमण से बचाव की दी जाएगी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, सुरक्षित जीवनशैली, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और सामाजिक जागरूकता के बारे में जानकारी दी जाएगी. अभियान का उद्देश्य युवाओं को सही जानकारी देकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना है.
पांच किलोमीटर की रेड रन प्रतियोगिता होगी आयोजित
एनएसएस समन्वयक प्रो. हरिश्चंद ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में 5 किलोमीटर की रेड रन प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसमें रेड रिबन क्लब के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
तीन चरणों में होगा कार्यक्रम
रेड रन 2026 का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा. इसमें पहले महाविद्यालय स्तर, फिर जिला स्तर और उसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 1 जुलाई से 22 जुलाई के बीच संपन्न कराई जाएंगी.
Saran College News: सारण में राजेंद्र कॉलेज से होगी शुरुआत
सारण जिले में रेड रन कार्यक्रम का आयोजन 1 जुलाई को राजेंद्र कॉलेज, छपरा में किया जाएगा. कार्यक्रम का संचालन जिला नोडल अधिकारी डॉ. बेठियार सिंह साहू के नेतृत्व में होगा. जिला स्तरीय प्रतियोगिता से पहले सभी संबद्ध कॉलेजों में रेड रन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा.
स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता पर रहेगा फोकस
रेड रन 2026 का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, एचआईवी/एड्स से बचाव, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना भी है.
सफल आयोजन के लिए पर्यवेक्षक नामित
एनएसएस समन्वयक प्रो. हरिश्चंद ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला नोडल अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और जिला आईसीटीसी पर्यवेक्षकों को नामित किया गया है. साथ ही सभी कॉलेजों के रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
Also Read: सारण के परसा में 200 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
