मांझी में रेलवे ट्रैक से एमआर की सिर कटी लाश बरामद, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

छपरा-बलिया रेलखंड स्थित मांझी पुराना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक से एक युवक की सिरकटी लाश बरामद की गयी.

छपरा. छपरा-बलिया रेलखंड स्थित मांझी पुराना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक से एक युवक की सिरकटी लाश बरामद की गयी. सूचना मिलने के बाद मांझी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सुपुर्द किया गया. मृतक की पहचान सीवान जिले के सिसवन थाना अंतर्गत कचनार गंगपुर गांव निवासी ललन शर्मा के 35 वर्षीय पुत्र मुकेश शर्मा के रूप में हुई. मुकेश की शादी छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत गुदरी बाजार निवासी बिहारी शर्मा की पुत्री से हुई थी. जानकारी के अनुसार मुकेश किसी वेटनरी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था. उसके बकाया रुपये को लेकर कुछ दिनों से तीखी बहस चल रही थी, जिसे लेकर परिवार वालों ने हत्या की आशंका जतायी है.

हत्या या दुर्घटना, जांच के बाद होगा खुलासा

मुकेश का शव मांझी रेलवे स्टेशन के आउटर के समीप मिला. सिर कट कर पूरी तरह पिचक गया था, जबकि उसकी बाइक स्टेशन के बाहर खड़ी थी. प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से सिर कटने के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन खुदकुशी की संभावना भी नहीं नकारी जा सकती. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आयेगा. परिवार का आरोप है कि मुकेश के साथ बकाया पैसे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. उनका कहना है कि इसी वजह से हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया हो सकता है.

मौत से पहले पत्नी के खाते में किया ऑनलाइन ट्रांसफर

परिजनों के अनुसार, मुकेश के घर पर 23 फरवरी को अष्टयाम का आयोजन था और पैसे को लेकर वह तनाव में था. वह जिस वेटनरी दवा कंपनी में एमआर का काम करता था, उसका बकाया पैसा भी उसे नहीं मिल रहा था, जिससे उसका किसी से विवाद चल रहा था. बीते दिन भी पैसे को लेकर बहस हुई. बुधवार देर संध्या करीब आठ बजे उसे कई कॉल आये और वह बाइक लेकर घर से निकला. इसके बाद पत्नी ने दोबारा फोन किया, तो उसने बसंतपुर मलमलिया में होने की बात बतायी. देर रात पत्नी को सूचना मिली कि उसके पति का शव मांझी थाना अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर मिला है. मुकेश ने घर से निकलने के करीब एक घंटे के भीतर पत्नी के अकाउंट में दो बार रुपये ट्रांसफर किये. पहली रकम 40 हजार और दूसरी 5,600 रुपये. पत्नी से बात में उसने कहा कि रुपये पहुंच गये हैं और अष्टयाम की तैयारी कर ले, क्योंकि वह आज घर नहीं आने वाला है. लेकिन पत्नी को यह नहीं पता था कि उसके पति का शव इसी दिन सामने आयेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >