सारण में नव निर्मित हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ शुरू, जलभरी शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

सारण के डोरिगंज में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. गंगा-सोन संगम से लाए गए पवित्र जल से यज्ञ का आरंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. यज्ञ का समापन 8 जुलाई को होगा.

Saran News: सदर प्रखंड के डोरिगंज थाना क्षेत्र स्थित कंसदियर शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य जलभरी शोभायात्रा के साथ हुआ. श्रद्धालुओं ने गंगा और सोन नदी के संगम से पवित्र जल लाकर वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार यज्ञ की शुरुआत की.

जलभरी शोभायात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर मुसेपुर, बलुआ, डामरीकरण, सिंगही होते हुए मेहरौली के सामने गंगा-सोन संगम तट पहुंची. वहां श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया. आचार्य राकेश मिश्र एवं ब्राह्मण मंडली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन, जल संकल्प और यज्ञ की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके बाद शोभायात्रा पुनः यज्ञ मंडप के लिए रवाना हुई.

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

शोभायात्रा में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए. श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भगवान श्रीराम और हनुमान जी के भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए. शोभायात्रा में शामिल घोड़ों का आकर्षक प्रदर्शन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा. मार्ग से गुजर रहे वाहन चालक भी रुककर 'जय श्रीराम' और 'जय-जय श्री हनुमान' के जयकारे लगाते दिखाई दिए.

आठ जुलाई को होगा यज्ञ का समापन

आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का समापन 8 जुलाई को पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ होगा. जलभरी शोभायात्रा का नेतृत्व कैप्टन संतोष कुमार सिंह ने किया.

इसे भी पढ़ें: सीवान नगर परिषद की बोर्ड बैठक आज, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Pandey

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >