Pratham Sopan Prashikshan Shivir: जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा के आधिकारिक पत्र के आलोक में एकमा के प्रतिष्ठित ज्योति सेंट्रल हाई स्कूल में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ. छात्रों में अनुशासन, सेवा भावना और सर्वांगीण विकास की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
ध्वजारोहण के साथ शिविर का हुआ उद्घाटन
शिविर का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के निदेशक डॉ. एस. कुमार एवं प्राचार्य एम.के. गिरि ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया. इस दौरान भारत माता और स्काउट-गाइड के नारों से पूरा विद्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा. कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे.
नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना होगी विकसित
विद्यालय के निदेशक डॉ. एस. कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मरक्षा और राष्ट्र सेवा की भावना जागृत होती है. उन्होंने छात्रों से प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन के साथ सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की.
प्राचार्य एम.के. गिरि ने भी छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए जीवन में अनुशासन सीखने का बेहतर अवसर है. उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान बतायी जाने वाली बातों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया.
नोडल टीम की देखरेख में हो रहा प्रशिक्षण
शिविर को सफल बनाने और बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए विद्यालय स्तर पर एक मजबूत टीम तैनात की गयी है. शिविर सहयोगी के रूप में एकेडमिक सेक्रेटरी एच.एन. सिंह सक्रिय रूप से जुटे हैं.
वहीं शिविर के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी नोडल शिक्षक रुपेश कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह एवं ज्योति कुमारी ने संभाली है. वरिष्ठ शिक्षकों और नोडल टीम की देखरेख में छात्रों को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
पहले दिन अनुशासन और समाज सेवा की दी गयी जानकारी
शिविर के पहले दिन छात्रों को अनुशासन, कतारबद्धता और समाज सेवा के मूल सिद्धांतों की प्रारंभिक जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों में सामूहिक कार्य, जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
