Saran News: वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. मढ़ौरा-2 मशरक एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो और तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार के संयुक्त नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई.
हाईवे पर बनाए गए चेक पोस्ट
अभियान के तहत तरैया-मशरक स्टेट हाईवे-73 पर गंडार तथा तरैया-अमनौर स्टेट हाईवे-104 पर मंझोपुर गंडक नहर पुल के समीप चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच की गई. इसके अलावा थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी वाहनों की सघन जांच की गई.
हेलमेट, सीट बेल्ट और दस्तावेजों की हुई जांच
पुलिस टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की बारीकी से जांच की. इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह का विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की.
विशेष जांच अभियान में दर्जनों पुलिस पदाधिकारी तथा महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे.
ये भी पढ़ें : CJP Protest Live: पेपर लीक पर कानून लाने की तैयारी, कैबिनेट से मिली मसौदे को मंजूरी
