Saran News : बेटियों के जन्मोत्सव को यादगार बनाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की पहल के तहत मंझोपुर गांव निवासी महेश प्रसाद गुप्ता के पुत्र एवं निष्ठा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नितेश कुमार ने अपनी पुत्री एस. निष्ठा के तीसरे जन्मोत्सव पर सरकारी विद्यालय के बच्चों के लिए वाटर प्यूरीफायर भेंट किया. उन्होंने उच्च माध्यमिक विद्यालय रसीदपुर पचौड़र के प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश को वाटर प्यूरीफायर सौंपा.
गणेश चतुर्थी के दिन मनाते हैं बेटी का जन्मोत्सव
नितेश कुमार ने बताया कि वह अपनी बेटी निष्ठा का जन्मोत्सव अंग्रेजी तारीख के बजाय हिंदी पंचांग के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन मनाते हैं. जन्मोत्सव के अवसर पर घर में विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के बाद विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक को वाटर प्यूरीफायर भेंट किया गया. विद्यालय परिवार की ओर से इसका उपयोग विद्यार्थियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा.
पहले जन्मदिन पर 22 पंखे, दूसरे पर भी वाटर प्यूरीफायर
नितेश कुमार ने बताया कि बेटी के जन्मोत्सव को सामाजिक सेवा से जोड़ने की पहल पहली बार नहीं की गयी है. निष्ठा के पहले जन्मोत्सव के अवसर पर विद्यालय को 22 पंखे भेंट किये गये थे. वहीं दूसरे जन्मोत्सव पर भी विद्यालय को वाटर प्यूरीफायर दिया गया था. तीसरे जन्मोत्सव पर भी सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल जारी रखी गयी.
शिक्षकों और बच्चों ने निष्ठा को दिया आशीर्वाद
वाटर प्यूरीफायर भेंट किये जाने के अवसर पर विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों ने बिटिया निष्ठा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उपस्थित लोगों ने जन्मोत्सव को सामाजिक सेवा और जरूरतमंद विद्यार्थियों के हित से जोड़ने की इस पहल की सराहना की.
मौके पर विकास कुमार सिंह, समाजसेवी राणा प्रताप सिंह, राकेश कुमार गुप्ता, प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित थे.
