सारण: दरियापुर प्रखंड की ग्राम पंचायत राज बारवे के वार्ड नंबर-3 स्थित दलित बस्ती में जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. लंबे समय से सड़क पर जमा पानी की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बीच सड़क पर धान की रोपनी कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध जताया.
जलजमाव से घरों से निकलना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ते पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है.
ग्रामीण सुनील साहनी, अभिमन्यु कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि जलजमाव के कारण कई लोगों के पैरों में संक्रमण हो गया है. वहीं कई लोग बीमार भी पड़ चुके हैं.
बदबू से बीमारी फैलने की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण अब बदबू फैलने लगी है. इससे संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है. लोगों का कहना है कि स्थिति इतनी खराब है कि चिकित्सक भी बस्ती में आने से कतराते हैं, जिससे जरूरत के समय इलाज कराने में परेशानी होती है.
बच्चों की पढ़ाई भी हो रही प्रभावित
वार्ड सदस्या नीतू देवी ने बताया कि दलित बस्ती में आने-जाने के लिए यही एकमात्र रास्ता है. जलजमाव के कारण बच्चों को विद्यालय जाने में भी काफी कठिनाई हो रही है.
उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों के अनुसार स्थानीय जिला पार्षद गोलोक बिहारी शरण सिंह, मुखिया अवधेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया था और जलजमाव दूर कराने की मांग की गई थी. लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.
ग्रामीणों ने धान रोपनी कर जताया आक्रोश
सड़क पर धान की रोपनी कर विरोध जताने वालों में अभिमन्यु कुमार, सुरती देवी, श्रीदेवी, विश्वनाथ साह, कमल साहनी, बुधनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलजमाव की समस्या दूर कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
