Foreign Liquor Seized: दिघवारा पुलिस ने शराब धंधेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. मंगलवार की शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छतर छपरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप छापेमारी कर करीब 1528 लीटर विदेशी शराब बरामद की. बरामद शराब में अंग्रेजी शराब के साथ-साथ बीयर भी शामिल है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छतर छपरा स्थित ईंट भट्ठे के समीप अवैध रूप से बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडारण किया गया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की.
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार की देर शाम उक्त स्थल पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई. शराब को जब्त कर पुलिस थाने ले आयी और मामले की जांच शुरू कर दी गयी. बरामद शराब की मात्रा करीब 1528 लीटर बतायी गयी है.
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसके अलावा करीब 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
