SIT investigation: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड के गवाह की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमुना गांव निवासी रंजीत सिंह के पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में चार अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
29 जून को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गवाह की हत्या के मामले में 29 जून 2026 को मुफ्फसिल थाना में आवेदन प्राप्त हुआ था. इसके आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 464/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर कार्रवाई
गठित एसआईटी ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ायी. जांच के दौरान मामले में संलिप्त चार अप्राथमिकी अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
पुलिस टीम लगातार मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में बिना सुरक्षा के टंकी में उतरना पड़ा भारी: जहरीली गैस की चपेट में आने से 4 की मौत, 1 गंभीर
28 अगस्त को अनुज कुमार गिरफ्तार
अनुसंधान और लगातार छापेमारी के क्रम में पुलिस ने 28 अगस्त 2026 को मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की जांच की जा रही है.
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस टीम में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष के साथ थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे. पुलिस मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.
