छपरा में सुबह 9 बजे से फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा, सड़क तक फैल रहा अतिक्रमण, दिनभर जाम से परेशानी

छपरा शहर के करीब 80 फीसदी इलाकों में फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण है. कई जगह दुकानदार सुबह नौ बजे दुकान खुलने के साथ ही फुटपाथ पर कब्जा कर लेते हैं और सामान सड़क तक रख देते हैं. इससे कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. नगर निगम ने अगस्त में फिर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी की है.

Chhapra News: छपरा शहर के करीब 80 फीसदी इलाकों में फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण है. शहर के कई इलाकों में दुकानदारों ने फुटपाथ और नालों पर स्थायी रूप से कब्जा कर लिया है. नगर पालिका चौक से श्रीनंदन पथ तक सड़क के दोनों ओर आठ से 10 फुट चौड़े फुटपाथ और नाले पर सुबह नौ बजे के बाद ही दुकानदार कब्जा जमा लेते हैं. कई जगह दुकानों का सामान फुटपाथ से आगे बढ़ाकर सड़क तक रख दिया जाता है. इससे इस मार्ग पर दिनभर आवागमन बाधित रहता है और जाम की समस्या बनी रहती है.

डाक बंगला रोड, साहेबगंज रोड, योगिनियां कोठी रोड, कचहरी स्टेशन रोड, सांढा मौना रोड, गांधी चौक रोड, भगवान बाजार से काशी बाजार रूट समेत शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाकों में फुटपाथ और नालों पर दुकानदारों का कब्जा है. इसे हटाने के लिए नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.

पंकज सिनेमा रोड का दायरा हुआ कम

शहर का पंकज सिनेमा रोड नगर थाना से बिल्कुल सटा हुआ है. यहां सबसे अधिक अतिक्रमण है. करीब 30 फुट चौड़ी इस सड़क के दोनों ओर आठ से 10 फुट तक अतिक्रमण है. इस रूट में फर्नीचर की कई दुकानें, भोजनालय, बैंक और प्रमुख मंदिर भी मौजूद हैं. ऐसे में दिनभर सड़क पर चहल-पहल रहती है.

सड़क के आधे से अधिक हिस्से में अतिक्रमण होने के कारण यहां जाम की समस्या बनी रहती है. नगर थाना से सटे होने के बावजूद विगत एक दशक से इस रूट में अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. सुबह नौ बजे दुकान खुलने के साथ ही दुकानदार सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं.

कई बार हुई कार्रवाई रही बेअसर

शहर में हर साल अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाता है. एक वर्ष में करीब तीन से चार बार यह अभियान चलता है. इसमें स्थायी दुकानदारों समेत फुटपाथी दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाती है. लेकिन कार्रवाई के महज दो से तीन दिन बाद फिर से अतिक्रमण का सिलसिला शुरू हो जाता है.

नगर निगम द्वारा फुटपाथी दुकानों को उजाड़ दिया जाता है, जबकि सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने वाले स्थायी दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता है. कुछ दिन तक स्थिति सामान्य रहती है, लेकिन बाद में स्थायी दुकानदार दुकान खोलने के बाद फिर आठ से 10 फुट आगे बढ़कर सामान रखने लगते हैं. वहीं फुटपाथी दुकानदार भी बेतरतीब ढंग से फुटपाथ पर दुकान लगाते हैं.

विगत तीन सालों में शहर में 200 से अधिक दुकानदारों को नोटिस भी दिया गया, लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखा.

अगस्त में फिर अभियान चलाने की तैयारी

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार अगस्त में फिर से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जायेगा. जहां अतिक्रमण अधिक है, वैसे स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है. इसके लिए सिटी स्क्वाड भी गठित की जायेगी.

खासकर स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, बैंक, सरकारी कार्यालय आदि के आसपास जहां भी अतिक्रमण है, उसे अविलंब हटाया जायेगा.

इन इलाकों में सुबह 9 बजते ही अतिक्रमण

  • श्रीनंदन पथ
  • नगरपालिका चौक
  • योगिनियां कोठी रोड
  • डाक बंगला रोड
  • काशी बाजार रोड
  • भगवान बाजार रोड
  • साहेबगंज
  • सरकारी बाजार
  • गांधी चौक रोड
  • पंकज सिनेमा रोड

Also Read: सारण: बाबा महेंद्रनाथ धाम के रास्ते पर कीचड़, बिहार समेत दूसरे राज्यों से आनेवाले लाखों श्रद्धालुओं को होगी परेशानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >